लालकुआं में गरमाई सियासत: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत 15 के खिलाफ मुकदमे की मांग; कांग्रेसियों ने दी तहरीर

ख़बर शेयर करें 👉

लालकुआं। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद हुए शुद्धिकरण कार्यक्रम को लेकर लालकुआं में सियासत गरमा गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इस मामले को अनुसूचित जाति के खिलाफ दंडनीय कृत्य बताते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

सोमवार को लालकुआं नगर कांग्रेस अध्यक्ष भुवन पांडे के नेतृत्व में दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता लालकुआं कोतवाली पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए पुलिस को लिखित तहरीर सौंपी और मामले में नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा आयोजित हुई थी। इसके बाद 10 अगस्त को कुछ लोगों की ओर से कथित तौर पर शुद्धिकरण हवन-यज्ञ किया गया। कांग्रेस ने इसे जातिगत भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताते हुए कार्रवाई की मांग की है।

कार्यकर्ताओं ने तहरीर में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, हिंदूवादी नेता गिरीश पांडे सहित 15 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। कांग्रेसियों का आरोप है कि संबंधित लोगों की ओर से जातिगत भावनाएं भड़काने और ऐसे कृत्यों का समर्थन करने का प्रयास किया गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि समाज में शांति और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता मुकदमों और दबाव से डरने वाले नहीं हैं। नेताओं ने कहा कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस की ओर से आंदोलन किया जाएगा।

फिलहाल पुलिस को तहरीर सौंपे जाने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई का इंतजार है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सभी संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

तहरीर देने वालों में पूर्व कैबिनेट मंत्री हरिश्चंद्र दुर्गापाल, नगर कांग्रेस अध्यक्ष भुवन पांडे, पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह खनवाल, हरेंद्र बोरा, कुंदन सिंह मेहता, बीना जोशी, गोविंद भट्ट, प्रमोद कलोनी, हेमवती नंदन दुर्गापाल, हेमंत पांडे, त्रिलोक सिंह बिष्ट, त्रिलोक वर्मा, भुवन पांडे, पुष्कर दानू, लक्ष्मण धपोला, मुन्ना बिष्ट, कांग्रेस बिंदुखत्ता ब्लॉक अध्यक्ष मीना जोशी, कपिल, हरीश भट्ट आदि शामिल रहे।