नैनीताल: जिले में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना, 14 अगस्त को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी रहेंगे बंद, देखिए आदेश…
भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 13 अगस्त सुबह 9:30 बजे जारी पूर्वानुमान के अनुसार, 14 अगस्त (गुरुवार) को जनपद नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। इसको देखते हुए जिला प्रशासन ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चेतावनी में कहा गया है कि जनपद के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज वर्षा के एक से अधिक दौर हो सकते हैं।
वर्तमान में भी जिले के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में कहीं-कहीं तेज बारिश हो रही है, जिससे नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने और संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।
बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, नैनीताल जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी स्कूल (कक्षा 1 से 12 तक) और सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 14 अगस्त को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। आदेश के अनुसार, यह नियम केवल उन्हीं आवासीय विद्यालयों पर लागू नहीं होगा, जहां छात्रों के लिए शिक्षा और आवास की सुविधा एक ही परिसर में उपलब्ध है।
शिक्षकों और कार्यालय स्टाफ को आवश्यकता पड़ने पर ही विद्यालय बुलाने का निर्देश दिया गया है, जबकि दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले स्टाफ को अनावश्यक रूप से नहीं बुलाने की बात कही गई है। मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


उत्तराखंड मौसम अपडेट: आज और कल साफ रहेगा मौसम, चारधामों में कड़ाके की ठंड, 9 फरवरी से बदलेगा मिजाज
खौड़ बालिका विद्यालय में वार्षिकोत्सव और विदाई समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा आयोजन
आज का राशिफल (07 फरवरी 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
उत्तराखंड-नेपाल बॉर्डर पर बड़ा हादसाः बारातियों से भरी बस खाई में गिरी, 13 की मौत, 34 गंभीर घायल