लालकुआं में बंद मकान की चोरी का खुलासा! चोरी के जेवर और ₹25 हजार के साथ आरोपी गिरफ्तार
लालकुआं। हल्दूचौड़ में बंद मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। लालकुआं पुलिस ने एक आरोपी को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी अभी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
जानकारी के अनुसार हल्दूचौड़ निवासी कलावती भट्ट करीब दो माह पहले उपचार के लिए अपनी बेटी के पास बेंगलुरु गई थीं। उनके घर पर ताला लगा हुआ था। इसी दौरान 4 सितंबर 2026 को अज्ञात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। मामले में थाना लालकुआं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस को मिले सुरागों के आधार पर 19 सितंबर को जयपुरबीसा, हल्दूचौड़ क्षेत्र से यासीन पुत्र सफी अहमद, उम्र 35 वर्ष, निवासी डोंगपुरी, गदरपुर को चोरी के माल के साथ गिरफ्तार किया गया।
पेंट का काम तलाशने के बहाने बंद मकानों की रेकी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी आबिद उर्फ लालू के साथ दिन के समय पेंट का काम तलाशने के बहाने क्षेत्र में घूमते थे और बंद मकानों की रेकी करते थे। रात करीब 12 से 1 बजे के बीच, आसपास के लोगों के सो जाने के बाद सरिया आदि की मदद से मकान का ताला तोड़कर चोरी करते थे।
जेवर बेचकर मिले ₹25 हजार भी बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पीली धातु की फूलदार अंगूठी, चांदी का मंगलसूत्र, एक जोड़ी चांदी की पायल, दो जोड़ी चांदी के बिछुए और सोने के लॉकेट की बिक्री से प्राप्त ₹25 हजार नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धारा की बढ़ोतरी की गई है।
साथी फरार, पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार घटना में शामिल आबिद उर्फ लालू पुत्र मौ. हुसैन अभी फरार है। उसके खिलाफ हल्द्वानी थाने में चोरी और नकबजनी समेत कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में
चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ अर्जुन गिरी, कांस्टेबल गुरमेज सिंह और कांस्टेबल गणेश गिरी शामिल रहे। पुलिस गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (20 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
पिथौरागढ़ में मां-बेटे की दर्दनाक मौत: बेटे की मौत का सदमा नहीं सह पाई मां; नदी में छलांग लगाकर दी जान
हाथों में तस्वीर, मां की सौगंध और बड़ा दावा… हरीश रावत ने आरोपों पर दिया जवाब,… VIDEO