रुद्रपुर में जमीनी विवाद बना खूनी संघर्ष: दिनदहाड़े बाप-बेटे की गोली मारकर हत्या, शहर में तनाव
रुद्रपुर। उधम सिंह नगर जिले का रुद्रपुर शहर सोमवार की सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा, जब एक पुराने जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गल्ला मंडी स्थित एक विवादित दुकान पर कब्जे को लेकर हुए संघर्ष में दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग की गई, जिसमें एक बुजुर्ग और उसके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य बेटा किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार, ईश्वर कॉलोनी निवासी गुरमेज सिंह (60) और मॉडल कॉलोनी के दिनेश व अवधेश सलूजा के बीच “लुधियाना एग्रो ट्रेडर्स” नामक दुकान को लेकर कई वर्षों से विवाद चल रहा था। सोमवार तड़के इस विवाद ने भयावह मोड़ ले लिया, जब दिनेश सलूजा पक्ष के लोग जेसीबी मशीन लेकर कथित रूप से जबरन दुकान पर कब्जा करने पहुंचे।
सीसीटीवी कैमरे के जरिए इस गतिविधि की जानकारी मिलते ही गुरमेज सिंह अपने बेटों हनी और मनप्रीत (26) के साथ मौके पर पहुंचे। जैसे ही उन्होंने दुकान के पास पहुंचने की कोशिश की, पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
इस हमले में गुरमेज सिंह को पैर में और मनप्रीत को सीने में गोली लगी, जिससे दोनों बुरी तरह घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, हनी किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा और उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद से गल्ला मंडी क्षेत्र में तनाव का माहौल है। एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। यह दर्दनाक घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है, बल्कि जमीन विवादों के कारण बढ़ती हिंसा पर भी गहरी चिंता का विषय बन गई है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


उत्तराखंड: 101 युवाओं का सरकारी नौकरी का सपना हुआ साकार, सीएम धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र
बिंदुखत्ता: राजस्व ग्राम की अधिसूचना कब? 20वें दिन भी जारी रही पदयात्रा, CM को भेजा ज्ञापन
लालकुआं: ध्वस्तीकरण या अवैध खनन? UCF परिसर में गहरी खुदाई पर उठे सवाल, SDM ने मारा औचक छापा
आज का राशिफल (03 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
हल्द्वानी: आरटीओ कार्यालय में फायरिंग पर बड़ी कार्रवाई, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी निलंबित