खटीमा: मुख्यमंत्री धामी ने सुनी जनता की समस्याएं, दिव्यांगों-वरिष्ठ नागरिकों को बांटे सहायक उपकरण; महिला समूहों को दी बड़ी सौगात
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को लोहियाहेड हेलीपैड स्थित कैंप कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान आम जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा ही सरकार का मूल उद्देश्य है और आम नागरिक की समस्याओं का समयबद्ध समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि हर शिकायत का संवेदनशीलता के साथ परीक्षण कर प्रभावी समाधान किया जाए। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार “सरलीकरण, समाधान और संतुष्टि” के मंत्र के साथ कार्य कर रही है और शासन-प्रशासन की जवाबदेही तभी सार्थक होगी, जब लोगों को उनकी समस्याओं का त्वरित और संतोषजनक समाधान मिलेगा।

जनसुनवाई के बाद मुख्यमंत्री ने खटीमा कैंप कार्यालय में सामाजिक कल्याण से जुड़े कार्यक्रम में दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण वितरित किए। उन्होंने 27 दिव्यांगजनों को 77 सहायक उपकरण तथा 22 वरिष्ठ नागरिकों को 113 सहायक उपकरण प्रदान किए। वितरित किए गए उपकरणों में 11 बैटरी रिक्शा, 14 व्हीलचेयर, 18 कमोड चेयर, 6 ट्राई साइकिल, 24 हियरिंग मशीन, 40 नी-ब्रेस, 13 बैसाखियां, इसके अलावा वॉकर, वॉकिंग स्टिक, सिलिकॉन कुशन और सीपी चेयर जैसे अन्य सहायक उपकरण शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके जीवन को अधिक सुगम बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्रामोत्थान रीप योजना के अंतर्गत महिला स्वयं सहायता समूहों को भी बड़ी सौगात दी। उन्होंने नारी शक्ति ग्राम संगठन, गदरपुर और सत्यमेव जयते सीएलएफ, बाजपुर को बोलेरो वाहन की चाबियां सौंपी, जबकि एकता सीएलएफ, गदरपुर को फूड वैन उपलब्ध कराई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन संसाधनों से महिला समूहों की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और उन्हें स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
कार्यक्रम में दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, किशन सिंह किन्ना, गंभीर सिंह धामी, रणजीत सिंह नामधारी, मोहिनी पोखरिया, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, वीसी जय किशन, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


उत्तराखंड: मतदाता पुनरीक्षण अभियान पर सख्त हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, डीएम को दिए फील्ड में रहने और सुनवाई तेज करने के निर्देश
देशभर में बड़ा बदलाव! गैस, बैंक, रेलवे, ITR… आज से सब कुछ बदल गया, तुरंत जानिए नए नियम
Uttarakhand Weather: आज भी 6 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट, देहरादून-नैनीताल समेत इन इलाकों में बरसेंगे बादल
“सॉरी मम्मी… अब सहन नहीं होता”: 8 महीने पहले हुई थी शादी, शिक्षिका की संदिग्ध मौत के बाद वायरल वीडियो से उठे कई सवाल