उधमसिंह नगर: दीवाली मनाने घर लौट रहे 4 मजदूरों की सड़क हादसे में मौत

ख़बर शेयर करें 👉

उधमसिंह नगर। जिले में शनिवार सुबह हुए एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके को दहला दिया। नानकमत्ता क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली और पिकअप वाहन की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन श्रमिक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक मृतक मजदूर उत्तर प्रदेश के संभल जिले के निवासी थे और दीवाली मनाने के लिए अपने घर लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि नानकसागर डेम से पहले मोड़ पर सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली पलट गई और ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में ट्रैक्टर में सवार सभी सात मजदूर घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दो मजदूरों की मौत हो चुकी थी। बाकी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो और मजदूरों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद से क्षेत्र में शोक और सनसनी का माहौल है। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।