बड़ी खबर! आज हल्द्वानी पहुंचेंगे सीएम धामी, क्रीड़ा विश्वविद्यालय के शिलान्यास से लेकर उद्योग जगत से संवाद तक कई कार्यक्रम…

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार, 29 अगस्त को एक दिवसीय नैनीताल जिले के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने कार्यक्रम और समय-सारिणी की जानकारी दी है। मुख्यमंत्री गौलापार में उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय के भूमि-पूजन/शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने के साथ ही व्यापार एवं उद्योग बंधुओं से संवाद करेंगे।

जिला प्रशासन से प्राप्त जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री धामी 29 अगस्त को सुबह 11:50 बजे डीपीएस स्कूल मैदान, रुद्रपुर से हेलीकॉप्टर के जरिए रवाना होकर दोपहर 12 बजे गौलापार स्टेडियम हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से 12:10 बजे कार से उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय के लिए रवाना होंगे और 12:15 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे।

क्रीड़ा विश्वविद्यालय का करेंगे भूमि-पूजन और शिलान्यास
मुख्यमंत्री दोपहर 12:15 बजे से 2 बजे तक उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय, गौलापार में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। इस दौरान भूमि-पूजन/शिलान्यास कार्यक्रम के साथ राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे क्रीड़ा विश्वविद्यालय से आईटीडीसी फॉर्च्यून, हल्द्वानी के लिए रवाना होंगे। यहां वह दोपहर 2:45 बजे से 3:30 बजे तक व्यापार एवं उद्योग जगत से जुड़े लोगों के साथ संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इन कार्यक्रमों में भी करेंगे शिरकत
आईटीडीसी फॉर्च्यून से मुख्यमंत्री अपराह्न 3:30 बजे कार से आनंद बाग, जिला सहकारी बैंक के निकट पहुंचेंगे और वहां आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। इसके बाद करीब 4 बजे वह आनंद बाग से साउथ एन्क्लेव-4, फार्म नंबर-03, मुखानी के लिए रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री यहां आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम 4:30 बजे साउथ एन्क्लेव से एफटीआई हेलीपैड के लिए रवाना होंगे। करीब 4:40 बजे एफटीआई हेलीपैड पहुंचने के बाद हेलीकॉप्टर से देहरादून के लिए प्रस्थान करेंगे।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। दौरे के दौरान गौलापार में प्रस्तावित क्रीड़ा विश्वविद्यालय के कार्यक्रम को विशेष रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।