हल्द्वानी: MBPG कॉलेज बना रंजिश का अखाड़ा, छात्र नेता ने युवक को पीटा, कोतवाली में तहरीर

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज, जिसे शिक्षा का मंदिर कहा जाता है, इन दिनों छात्र संघ चुनावी गतिविधियों के बीच अराजकता और गुंडागर्दी का केंद्र बनता जा रहा है। गुरुवार को कॉलेज परिसर में छात्र संघ चुनाव की पुरानी रंजिश के चलते एक छात्र नेता ने युवक को पीट दिया। युवक अपनी बहन का एमएससी रसायन विज्ञान में प्रवेश कराने कॉलेज आया था।

जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2023 में छात्र संघ चुनाव लड़ चुका एक छात्र नेता कॉलेज में पहुंचे युवक से पुराने विवाद को लेकर भिड़ गया। रसायन विज्ञान विभाग में अचानक कहासुनी हुई और देखते ही देखते छात्र नेता ने युवक पर हमला कर दिया। मारपीट इतनी गंभीर थी कि युवक की बहन घबराकर रोने लगी। वहीं, नए दाखिला लेने आए कई छात्र-छात्राएं घटना देखकर सहम गए।

सूचना पर मौके पर पहुंचे कॉलेज में तैनात पुलिस कर्मियों को देखकर आरोपी छात्र नेता वहां से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका है। पिछले चुनाव के दौरान भी विवाद इतना बढ़ गया था कि मामला सड़क पर पहुंच गया था और पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा था।
इस बार भी मारपीट की घटना के बाद दोनों पक्षों ने कोतवाली में तहरीर दी है।
कोतवाल राजेश यादव ने बताया कि शुक्रवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग पर पदयात्रा जारी, भारी बारिश के बीच सैकड़ों लोग जुटे; शासन पर लगाए गंभीर आरोप
Ad Ad Ad Ad