लालकुआं: पत्नी को बर्थडे सरप्राइज देने घर आया था कमल, रात में मनाई खुशियां,…सुबह–सुबह मच गया कोहराम
लालकुआं। पत्नी के जन्मदिन पर सरप्राइज देने के लिए छुट्टी लेकर हरिद्वार से हल्दूचौड़ स्थित अपने घर आए 30 वर्षीय कमल आर्य की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रात को परिवार ने खुशी-खुशी जन्मदिन मनाया, लेकिन अगली सुबह युवक के नहीं उठने पर घर की खुशियां मातम में बदल गईं। परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, कमल आर्य हरिद्वार स्थित हीरो कंपनी की फैक्ट्री में काम करता था। उसकी शादी इसी वर्ष 30 अप्रैल को बिंदुखत्ता निवासी युवती से हुई थी। गुरुवार को पत्नी का जन्मदिन होने के कारण कमल खास तौर पर छुट्टी लेकर उसे सरप्राइज देने और परिवार के साथ जन्मदिन मनाने घर आया था।
रात में मनाया पत्नी का जन्मदिन, सुबह लौटना था हरिद्वार
गुरुवार रात पूरे परिवार ने उत्साह के साथ कमल की पत्नी का जन्मदिन मनाया। जन्मदिन की खुशियों के बाद कमल ने परिवार के साथ खाना खाया और सोने चला गया।
शुक्रवार सुबह उसे अपनी ड्यूटी पर वापस हरिद्वार लौटना था। इसके लिए कमल को लालकुआं रेलवे स्टेशन से सुबह 6 बजे की ट्रेन पकड़नी थी। उसने पत्नी से सुबह जल्दी जगाने के लिए कहा था और अपने मोबाइल फोन में अलार्म भी लगाया था।
अलार्म बजता रहा, लेकिन नहीं उठा कमल
शुक्रवार सुबह मोबाइल का अलार्म बजने के बावजूद कमल नहीं उठा। पत्नी ने उसे आवाज दी और हिलाकर जगाने का प्रयास किया, लेकिन उसके शरीर में कोई हलचल नहीं हुई।
कमल को अचेत देखकर पत्नी घबरा गई और शोर मचाया। आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य कमरे में पहुंचे। परिजन आनन-फानन में कमल को लेकर हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
कम उम्र में अचानक हुई मौत के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। चिकित्सकीय आशंका के तौर पर हृदय संबंधी कारण की संभावना जताई जा रही है, लेकिन मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
कमल अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। कुछ महीने पहले ही उसकी शादी हुई थी। पत्नी का जन्मदिन मनाने के कुछ घंटों बाद हुई कमल की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और क्षेत्र में शोक की लहर है।


उत्तराखंड कैबिनेट के 10 बड़े फैसले: मदरसों का अनुदान होगा बंद, बिंदुखत्ता समेत इन क्षेत्रों को भूमिधरी अधिकार देने पर बड़ा कदम
उत्तराखंड: पूर्व मुख्य सचिव के बेटे पर 15 लाख की ठगी का मुकदमा, खुद को गुप्त एजेंसियों का अधिकारी बताने का आरोप
उत्तराखंड: आज शाम धामी कैबिनेट की अहम बैठक, इन बड़े मुद्दों पर लग सकती है मुहर
आज का राशिफल (10 जुलाई 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!