बिंदुखत्ता: लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन पर मुख्यमंत्री की दो बड़ी घोषणाएं, बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने के मुद्दे पर भी दिया भरोसा; लोक कलाकारों को किया सम्मानित

ख़बर शेयर करें 👉

बिंदुखत्ता (लालकुआं), 23 नवंबर। उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और लोकविरासत को समर्पित लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बिंदुखत्ता को विकास की दो बड़ी सौगात देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि महान लोकगायक स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा की स्मृति में उनके पैतृक गांव में स्कूल और स्टेडियम सहित प्रस्तावित सभी कार्य कराए जाएंगे। इसके अलावा बिंदुखत्ता में कम से कम एक हजार लोगों के बैठने की क्षमता वाला भव्य सांस्कृतिक हॉल बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से क्षेत्र में सांस्कृतिक गतिविधियों को नया मंच मिलने की उम्मीद जगी है।

रविवार को बिंदुखत्ता में आयोजित तीन दिवसीय लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रहलाद दा ने अपने गीतों के माध्यम से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, पहाड़ के जनजीवन और सामाजिक सरोकारों को देश-दुनिया तक पहुंचाया। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

प्रहलाद दा की स्मृति में स्कूल और स्टेडियम बनाने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा उत्तराखंड की लोकसंस्कृति के महान साधक थे। उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए उनके पैतृक गांव में स्कूल, स्टेडियम सहित जिन दो-तीन कार्यों की मांग रखी गई है, उन सभी को कराया जाएगा।

उन्होंने बिंदुखत्ता में एक हजार लोगों की क्षमता वाला बड़ा सांस्कृतिक हॉल बनाने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बिंदुखत्ता में बड़े सांस्कृतिक आयोजन होते हैं। ऐसे में यहां एक आधुनिक और विशाल सांस्कृतिक हॉल की आवश्यकता है, जहां स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए बेहतर मंच मिल सके।

‘प्रहलाद दा के गीतों में दिखता था पहाड़ का वास्तविक जीवन’

मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय प्रहलाद सिंह मेहरा को याद करते हुए कहा कि प्रहलाद दा केवल एक लोकगायक नहीं थे, बल्कि हमारी लोकसंस्कृति और लोककला के सच्चे साधक थे। उनके गीतों में पहाड़ के कठिन जनजीवन, सामाजिक परिस्थितियों और आम लोगों के संघर्ष की वास्तविक तस्वीर दिखाई देती थी।

उन्होंने कहा कि ‘गर्भ भितेरा बेटी ना मार’ जैसे गीत के माध्यम से प्रहलाद दा ने बेटियों के सम्मान और उनके जीवन के अधिकार का संदेश दिया। वहीं ‘ऐजा मेरा दानपुरा’ जैसे गीत में अपनी जन्मभूमि और गांव से जुड़े रहने की भावना को अभिव्यक्त किया। उनके गीतों में पहाड़ की महिलाओं का संघर्ष, युवाओं की पीड़ा और समाज को जागरूक करने वाली चेतना दिखाई देती थी।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: शादी में जा रहे लोगों की गाड़ी खाई में गिरी, तीन की मौत, दो नाबालिग बच्चियों समेत पांच घायल

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी कलाकार की सबसे बड़ी उपलब्धि यही होती है कि उसके जाने के बाद भी उसकी कला जीवित रहे। प्रहलाद दा ने अपने गीतों के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने उनके परिवार, विशेषकर उनके सुपुत्रों और प्रशंसकों की सराहना की, जो उनकी स्मृतियों को जीवंत रखने के साथ उत्तराखंड की लोकसंस्कृति को आगे बढ़ा रहे हैं।

लोकथात हमारी लोकसंस्कृति और विरासत का प्रतीक

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोक यानी हमारी जनता और थात यानी हमारी विरासत एवं धरोहर। तीन दिवसीय लोकथात महोत्सव का उद्देश्य हमारी लोकभाषा, लोककला, लोकसंगीत और पारंपरिक रीति-रिवाजों को संरक्षित करना और उन्हें पीढ़ी दर पीढ़ी आगे पहुंचाना है।

उन्होंने कहा कि जो समाज अपनी थात को सहेजकर रखता है, उसकी जड़ें हमेशा मजबूत बनी रहती हैं। जिस तरह पेड़ जितना ऊंचा जाता है, उसकी जड़ें उतनी ही गहरी होती हैं, उसी तरह हमारी लोकसंस्कृति हमारी मजबूत जड़ है। उत्तराखंड की असली पहचान केवल प्राकृतिक सुंदरता में नहीं, बल्कि यहां की संस्कृति, लोकभाषाओं और परंपराओं में भी बसती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिकता के दौर में नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़े रखना बेहद जरूरी है। लोकथात जैसे महोत्सव युवाओं को अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं से परिचित कराने का प्रभावी माध्यम हैं।

‘विकास भी और विरासत भी’ के मंत्र पर काम कर रही सरकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार विकास भी और विरासत भी के मंत्र पर आगे बढ़ रही है। एक ओर प्रदेश में सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है, रेल और हवाई कनेक्टिविटी का विस्तार हो रहा है, वहीं दूसरी ओर धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को भी संरक्षित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि केदारनाथ और बदरीनाथ की तर्ज पर मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत ऐतिहासिक एवं पौराणिक मंदिरों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान भी मजबूत हो।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और भोजनमाताओं को बड़ी सौगात, दिसंबर से बढ़ेगा मानदेय; सीएम धामी से मिले कर्मचारी संगठन

मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जहां समान नागरिक संहिता लागू की गई है। इसके साथ ही सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और भू-कानून लागू किए गए हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। उन्होंने ‘लैंड जिहाद’, ‘लव जिहाद’ और ‘थूक जिहाद’ के खिलाफ कार्रवाई, ऑपरेशन कालनेमि, उत्तराखंड मदरसा बोर्ड को समाप्त करने और नई अल्पसंख्यक शिक्षा व्यवस्था की दिशा में उठाए गए कदमों का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अवैध और नकली मजारों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।

लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों की विकास योजनाओं का जिक्र

मुख्यमंत्री ने लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में सात करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पुल का निर्माण पूरा किया गया है। शेरनाला पर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से पुल बनकर तैयार हो चुका है, जबकि विजयपुर गौला पार में करीब चार करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण कार्य शुरू हो गया है।

उन्होंने बताया कि सूर्यानाला और लालकुआं नगर की रेलवे क्रॉसिंग पर पुल निर्माण की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। बिंदुखत्ता में लगभग 15 वर्षों से विद्युतीकरण पर लगी रोक हटने के बाद करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से विद्युतीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इसके तहत नए बिजली पोल, ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनें बिछाई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लालकुआं क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगभग 14 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। हल्दूचौड़ के राजकीय महाविद्यालय को पीजी कॉलेज बनाया गया है। गौला और नंधौर नदियों से होने वाले कटाव को रोकने के लिए बाढ़ सुरक्षा योजनाओं पर काम किया जा रहा है। इसके अलावा जंगल से सटे इलाकों में जंगली जानवरों से बचाव के लिए सौर ऊर्जा आधारित तारबाड़ लगाने का कार्य भी तेजी से जारी है।

यह भी पढ़ें 👉  आज का राशिफल (23 नवंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!

बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने के मुद्दे पर वनाधिकार समिति से चर्चा

बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की लंबे समय से चली आ रही मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षेत्र की जनता की महत्वपूर्ण अपेक्षा है। सरकार इस दिशा में ठोस प्रशासनिक कार्रवाई कर रही है और भारत सरकार से लगातार संवाद स्थापित किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वनाधिकार समिति बिंदुखत्ता के प्रतिनिधियों के साथ राजस्व ग्राम बनाने के विषय पर विस्तार से चर्चा की और इस दिशा में ठोस कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

उन्होंने कहा कि विकास का अर्थ केवल नई परियोजनाएं बनाना नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही समस्याओं का समाधान करना भी है। सरकार समस्याओं को टालने के बजाय उनका समाधान करने में विश्वास रखती है। हमारा विकल्प रहित संकल्प है कि लालकुआं विधानसभा क्षेत्र हो या प्रदेश का कोई अन्य इलाका, वहां के लोग मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रहें और उत्तराखंड देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो।

लोक कलाकारों और हास्य कलाकार को किया सम्मानित

लोकथात सांस्कृतिक महोत्सव के समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने लोक कलाकार नैन सिंह रावल, हास्य कलाकार मंगल सिंह चौहान और जीवन सिंह दानु को सम्मानित किया। उन्होंने कलाकारों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि लोक कलाकार हमारी सांस्कृतिक विरासत के संवाहक हैं। उनकी कला और साधना से प्रदेश की लोकपरंपराएं जीवंत बनी हुई हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री दीपेंद्र कोश्यारी, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कौरंगा, शोएब अहमद, डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष रविंद्र रेकुनी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडेय, लोक कलाकार कमल मेहरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad Ad Ad