हल्द्वानी-रामनगर में मंगलसूत्र लूट का खुलासा: शातिर आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार
हल्द्वानी। मुखानी और रामनगर क्षेत्र में महिलाओं से मंगलसूत्र झपटने की सिलसिलेवार घटनाओं का नैनीताल पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के निर्देशन में गठित टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटा गया सामान बरामद किया है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।
5 फरवरी 2026 को ऊँचापुल मुखानी निवासी श्रीमती बीना पाठक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 फरवरी को दो युवक दुकान पर सामान खरीदने के बहाने आए और झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र लेकर फरार हो गए। इस मामले में थाना मुखानी में एफआईआर संख्या 09/26 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
इसी तरह 30 जनवरी 2026 को देवभूमि सैनिक कॉलोनी निवासी श्रीमती कमला देवी के साथ भी पता पूछने के बहाने मंगलसूत्र झपट लिया गया। इस संबंध में एफआईआर संख्या 10/26 धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज हुआ। वहीं 6 फरवरी 2026 को रामनगर के पीरूमदारा क्षेत्र में श्रीमती विजलक्ष्मी के साथ भी इसी तरह की वारदात हुई, जिस पर कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 35/26 धारा 304 बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल ने एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल को शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी और थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।
कालाढूंगी रोड पर चेकिंग के दौरान HR 29 AF 2325 नंबर की मोटरसाइकिल को रोका गया। वाहन चालक को पुलिस ने मौके पर गिरफ्तार कर लिया, जबकि पीछे बैठा व्यक्ति जंगल की ओर भाग निकला
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फिरोज गांधी (36) पुत्र नंदराम निवासी पदमपुर, थाना मिल्क खाना, तहसील स्वार, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से दो पीली धातु के पेंडल बरामद किए गए हैं। बरामद मोटरसाइकिल फरीदाबाद (हरियाणा) निवासी रॉकी पुत्र प्रतीक सरदाना के नाम पंजीकृत है।
पूछताछ में आरोपी ने 30 जनवरी और 4 फरवरी को मुखानी क्षेत्र तथा 6 फरवरी को रामनगर में महिलाओं से मंगलसूत्र झपटने की बात कबूल की है। वह दोबारा वारदात को अंजाम देने हल्द्वानी आ रहा था, तभी पुलिस की चेकिंग में पकड़ लिया गया।
पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। एसएसपी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (01 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर; 17वें दिन पदयात्रा में उमड़ी भारी भीड़
(खुलासा): नई कार खरीदने के शौक ने पहुंचाया सलाखों के पीछे, पड़ोसी के घर से चुराया 15 लाख का सोना
आज का राशिफल (31 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!