‘पापा मुझे माफ कर देना’: ऑनलाइन लूडो में लाखों हारने पर बीएससी की छात्रा ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट बरामद
हल्द्वानी। मोबाइल पर ऑनलाइन लूडो गेम खेलने की लत ने एक होनहार छात्रा की जान ले ली। बरेली रोड स्थित स्पेरो कॉलोनी की रहने वाली 21 वर्षीय हर्षिता जोशी ने ऑनलाइन लूडो में चार से पांच लाख रुपये हारने के बाद आत्महत्या कर ली। एमबीपीजी कॉलेज में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा हर्षिता का शव शुक्रवार दोपहर उसके कमरे में फंदे से लटका मिला।
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें छात्रा ने अपनी मौत की वजह ऑनलाइन लूडो गेम को बताया है। नोट में उसने लिखा है कि शुरुआत में उसे गेम से मुनाफा हुआ, लेकिन बाद में वह अपने माता-पिता के लाखों रुपये इस गेम में हार गई। आत्मग्लानि में डूबी हर्षिता ने लिखा— “अब और नहीं जी सकती, पापा मुझे माफ कर देना।”
घटना के समय हर्षिता की मां और भाई बाजार गए हुए थे। जब वे लौटे तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। किसी तरह दरवाजा खोला गया तो हर्षिता फंदे पर लटकी मिली। परिजन तुरंत उसे एसटीएच (सुशीला तिवारी अस्पताल) ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हर्षिता के पिता प्रेमानंद जोशी अल्मोड़ा जेल पुलिस में तैनात हैं। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि क्षेत्र में भी शोक की लहर है।
कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि सुसाइड नोट में छात्रा ने स्पष्ट रूप से ऑनलाइन लूडो गेम में भारी नुकसान का जिक्र किया है। शुक्रवार देर शाम शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (05 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट: कल स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने के आदेश
उत्तराखंड: भारी बारिश का अलर्ट, इस जिले में 5 सितंबर को सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद
सनसनीखेज खुलासा: देहरादून में बुजुर्ग महिला की हत्या, 12 घंटे के भीतर कातिल गिरफ्तार