हल्द्वानी में नए साल की रात दर्दनाक हादसा: गौलापार में पिकअप से टकराई कार, एक पर्यटक की मौत, चार गंभीर घायल

ख़बर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। नैनीताल जिले के गौलापार क्षेत्र में नए साल के पहले दिन की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सामने से गलत दिशा में आ रही पिकअप से कार की टक्कर हो गई, जिसमें कार सवार एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि उसके चार साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रिछा, बहेड़ी निवासी 25 वर्षीय रिजवान पुत्र इस्लाम अपने चार दोस्तों इसरार, मुजाहिद, सनावर और अफजल के साथ नए साल के मौके पर घूमने के लिए हल्द्वानी आया था। सभी युवक आपस में दोस्त हैं और राइस मिल का काम करते हैं। गौलापार के एक बड़े रेस्टोरेंट में खाना खाने के बाद वे देर रात अपने घर लौट रहे थे।

इसी दौरान खेड़ा क्षेत्र के पास सामने से गलत साइड में आ रही पिकअप ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सड़क पर वाहन के पार्ट्स बिखर गए। हादसे में कार सवार सभी युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों को तत्काल एसटीएच हल्द्वानी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने रिजवान को मृत घोषित कर दिया। अन्य चार घायलों की हालत भी नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।

एसओ काठगोदाम विमल मिश्रा ने बताया कि फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।