बड़ी खबर: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार, राष्ट्रपति ने दी मंजूरी

ख़बर शेयर करें 👉

नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय में शनिवार को बड़ा बदलाव हुआ। धर्मेंद्र प्रधान के केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफे के बाद कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सलाह पर यह जिम्मेदारी उन्हें दी है।

धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा स्वीकार
रिपोर्टों के मुताबिक, राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री की सलाह पर संविधान के अनुच्छेद 75(2) के तहत धर्मेंद्र प्रधान का केंद्रीय मंत्रिपरिषद से इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया। इसके बाद प्रह्लाद जोशी को उनके मौजूदा मंत्रालयों के साथ शिक्षा मंत्रालय की अतिरिक्त जिम्मेदारी देने का फैसला किया गया।

धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री को सौंपा था। उनका इस्तीफा ऐसे समय आया जब परीक्षा अनियमितताओं और पेपर लीक के मुद्दे पर छात्रों और युवाओं का आंदोलन चल रहा था।

प्रह्लाद जोशी संभालेंगे शिक्षा मंत्रालय की कमान
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के कुछ ही घंटों बाद सरकार ने शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी। वरिष्ठ केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। यानी वह अपने मौजूदा विभागों के साथ शिक्षा मंत्रालय की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।

जंतर-मंतर का आंदोलन भी वापस
इस्तीफे के बाद दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच जश्न देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों ने इसे अपने आंदोलन की बड़ी सफलता बताया और बाद में आंदोलन वापस लेने की घोषणा की गई।