उत्तराखंड में 7 दिन का मौसम अलर्ट! कई जिलों में बारिश-बिजली की चेतावनी, मैदानी इलाकों में…..
देहरादून। उत्तराखंड में अगले सात दिनों तक मौसम का मिजाज बदला-बदला रहने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में गर्मी और उमस का असर जारी रहेगा। विभाग ने 21 से 23 जून तक कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 21 जून को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं देहरादून, टिहरी और नैनीताल में भी हल्की वर्षा के आसार हैं। अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
22 और 23 जून को भी पर्वतीय जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। नैनीताल समेत कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है, जबकि हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
24 से 27 जून तक राज्य के अधिकांश पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बनी रहेगी। हालांकि मैदानी क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत साफ रहने का अनुमान है।
येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।
गर्मी से राहत नहीं
मौसम विभाग के अनुसार मैदानी क्षेत्रों में अगले चार से पांच दिनों तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। ऐसे में हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर और आसपास के इलाकों में गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
मौसम विभाग की सलाह
विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। गरज-चमक के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न होने, खुले स्थानों से दूर रहने और सुरक्षित भवनों में शरण लेने की सलाह दी गई है। किसानों को कटी हुई फसल सुरक्षित स्थान पर रखने तथा पशुपालकों को मवेशियों को खुले स्थानों में न बांधने की सलाह दी गई है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


पिथौरागढ़ में मां-बेटे की दर्दनाक मौत: बेटे की मौत का सदमा नहीं सह पाई मां; नदी में छलांग लगाकर दी जान
कल बिंदुखत्ता में सस्ती स्वास्थ्य जांच का मौका! विनायक मेडिकल स्टोर पर ₹605 की जांच सिर्फ ₹199 में होंगे जरूरी टेस्ट
आज का राशिफल (19 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
देहरादून: छात्रा के सवाल पर CM धामी का बड़ा ऐलान, कार्यक्रम के दौरान ही की “टैब” देने की घोषणा