उत्तराखंड: NEET री-एग्जाम को लेकर अलर्ट मोड पर प्रशासन, 20 हजार से अधिक विद्यार्थी होंगे शामिल,…मिलेगी निःशुल्क बस यात्रा

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। 21 जून को आयोजित होने वाली नीट (यूजी)-2026 परीक्षा को लेकर देशभर में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए पहली बार भारतीय वायुसेना की सहायता से प्रश्नपत्र परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए जा रहे हैं। उत्तराखंड में भी प्रशासन, पुलिस और शिक्षा विभाग पूरी तरह सतर्क मोड में हैं।

प्रदेश के 13 शहरों में नीट परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें 20 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। राजधानी देहरादून में 16 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 6800 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

नीट परीक्षा को लेकर उत्तराखंड सरकार ने अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा देने का निर्णय लिया है। राज्य के स्थायी निवासी अभ्यर्थी अपना नीट (यूजी)-2026 प्रवेश पत्र दिखाकर यह सुविधा प्राप्त कर सकेंगे। यह सुविधा परीक्षा से दो दिन पूर्व तथा परीक्षा समाप्ति के दो दिन बाद तक लागू रहेगी।

परिवहन सचिव बृजेश कुमार संत ने इस संबंध में उत्तराखंड परिवहन निगम को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। यह सुविधा केवल निगम की साधारण श्रेणी की बसों और परीक्षा केंद्र के निकटतम मार्गों पर ही मान्य होगी।

जिलाधिकारी आशीष चौहान ने बताया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की सभी दिशानिर्देशों का पूरी तरह पालन किया जा रहा है। परीक्षा संचालन से जुड़े सभी अधिकारियों और संस्थाओं को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक उपनिरीक्षक सहित छह पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। परीक्षा से पहले, परीक्षा के दौरान और परीक्षा समाप्ति के बाद तक सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

प्रशासन का कहना है कि निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।