उत्तराखंड में अगले 5 दिन भारी बारिश का अलर्ट, IMD की चेतावनी के बाद प्रशासन हाई अलर्ट पर; जिलाधिकारियों को जारी हुई एडवाइजरी
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर रौद्र रूप दिखाने की तैयारी में है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की ताजा चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को विस्तृत एडवाइजरी जारी करते हुए अगले 16 से 20 जुलाई तक विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी से बेहद भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार 16 जुलाई को देहरादून, नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश की संभावना है।
वहीं 17 जुलाई को देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, ऊधमसिंहनगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत और रुद्रप्रयाग में भारी बारिश का अनुमान है।
18 जुलाई को देहरादून और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, ऊधमसिंहनगर और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट रहेगा।
19 जुलाई को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और बागेश्वर में भारी से बेहद भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और ऊधमसिंहनगर में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
20 जुलाई को देहरादून और पौड़ी के लिए फिर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, भूस्खलन संभावित मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने, सड़कें बाधित होने पर तत्काल यातायात बहाल करने, राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
इसके अलावा नगर निकायों को नालियों और कल्वर्टों की सफाई, बिजली एवं संचार सेवाओं की निगरानी, पर्यटकों की सुरक्षा तथा जिला सूचना अधिकारियों को समय-समय पर मौसम संबंधी चेतावनी आमजन तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने सभी संबंधित विभागों को 24 घंटे अलर्ट मोड में रहने को कहा है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


हल्दूचौड़ में सड़क नहीं, रफ्तार बन रही जान की दुश्मन; आखिर कब सुधरेंगे बेतरतीब वाहन चलाने वाले?
नैनीताल में भारी बारिश का अलर्ट; कल बंद रहेंगे कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल
आज का राशिफल (30 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!