सीएम धामी के आश्वासन के बाद श्रीनगर के एनआईटी घाट पर हुआ अंकिता का अंतिम संस्कार
श्रीनगर। हत्या के आरोपियों को फांसी देने की मांग के बीच सीएम धामी के आश्वासन के बाद हजारों लोगों ने रविवार शाम नम आंखों से अंकिता भंडारी को पौड़ी जिले के श्रीनगर में अलकनंदा नदी के तट पर अंतिम विदाई दी।
पौड़ी जिले के यमकेश्वर स्थित गंगा भोगपुर में वनतारा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करने वालीं 19 वर्षीय अंकिता का शव शनिवार को ऋषिकेश के समीप चीला नहर से बरामद किया गया था। इससे पहले, अंकिता की गुमशुदगी के मामले में शुक्रवार को गिरफ्तार तीनों आरोपियों-रिजॉर्ट संचालक पुलकित आर्य, प्रबंधक सौरभ भास्कर और सहायक प्रबंधक अंकित गुप्ता ने उसे नहर में धकेलकर हत्या करने की बात स्वीकार की थी।
मुख्य आरोपी पुलकित हरिद्वार के पूर्व भाजपा नेता विनोद आर्य का पुत्र है, जो पूर्व में दर्जाधारी राज्य मंत्री भी रह चुके हैं। हालांकि, घटना के सामने आने के बाद भाजपा ने आर्य को तत्काल पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया। श्रीनगर में एनआइटी घाट पर अंकिता के भाई अजय सिंह भंडारी ने उसके शव को मुखाग्नि दी।
इससे पहले, अंकिता के परिवार वालों ने अंतिम पोस्टमार्टम रिपोर्ट न आने और उसे सार्वजनिक न किए जाने तक उसकी अंत्येष्टि से इंकार किया था। हालांकि, प्रशासन के समझाने और घटना की जांच कर आरोपियों को फांसी की सजा दिलाने का प्रयास करने का आश्वासन देने पर वे अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
अंकिता की प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसकी हत्या से पहले उसे चोट पहुंचाए जाने की बात कही गयी है। हांलांकि, रिपोर्ट में उसकी मौत का कारण पानी में डूबना बताया गया है। अंकिता हत्याकांड के विरोध में श्रीनगर में दुकानें और बाजार बंद रहे। अंकिता के गांव श्रीकोट से करीब 23 किलोमीटर की दूरी पर स्थित श्रीनगर में दिन में लोगों की भीड़ ने ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई घंटे जाम लगाया। लोगों ने सरकार से अंकिता के परिवार को मुआवजा दिए जाने तथा परिवार के एक सदस्य के लिए नौकरी की मांग की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फिर दोहराया कि राज्य सरकार जघन्य हत्याकांड के दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाएगी। उन्होंने कहा कि सभी कार्रवाई तय समय से हो रही हैं और कहीं कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। हत्याकांड को लेकर लोगों में गुस्से को स्वाभाविक बताते हुए उन्होंने कहा, अपराधी चाहे जो भी हो, कोई बचने वाला नहीं है। दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का हमने संकल्प लिया है। धामी ने यह भी कहा कि पीड़ित परिवार की जो भी सहायता संभव की जाएगी।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल 2 नवंबर 2026: मेष से मीन तक 12 राशियों का दिन कैसा रहेगा? जानें करियर, कारोबार, धन और परिवार का हाल
ग्राफिक एरा हल्द्वानी में ‘इनोविस्टा 2026’ का भव्य समापन: गूगल, जेपी मॉर्गन और ग्लोबल लॉजिक के दिग्गजों की मौजूदगी में छात्रों ने बिखेरा जलवा
आज से बदल गए ये 7 बड़े नियम, गैस सिलेंडर से लेकर मोबाइल कॉल तक जानें क्या-क्या बदला?
आज का राशिफल 1 नवंबर 2026: रविवार को मेष से मीन तक इन 12 राशियों का कैसा रहेगा दिन? जानें करियर, कारोबार और धन का हाल