खौड़ बालिका विद्यालय में वार्षिकोत्सव और विदाई समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजा आयोजन

ख़बर शेयर करें 👉

जवाली (पाली)। खौड़ गांव स्थित आई. सुखी बाई चंदनमल लोढ़ा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को वार्षिकोत्सव, पुरस्कार वितरण, भामाशाह सम्मान एवं पूर्व विद्यार्थी सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक, देशभक्ति और राजस्थानी लोकगीतों पर आकर्षक नृत्य व गीत प्रस्तुत किए। छात्राओं की प्रस्तुतियों में आत्मविश्वास और प्रतिभा साफ झलकती नजर आई, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

कार्यक्रम के दौरान परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं विदाई समारोह के अंतर्गत विद्यालय से आगे की कक्षाओं में प्रवेश लेने वाली छात्राओं को तिलक लगाकर, मोली बांधकर एवं श्रीफल भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान कई छात्राओं की आंखें नम हो गईं और माहौल भावुक बन गया।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य महावीर सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में बालिका शिक्षा अत्यंत आवश्यक है। एक शिक्षित बालिका न केवल स्वयं का बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य उज्ज्वल करती है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं, ऐसे में बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए शिक्षा को अपना मजबूत आधार बनाना चाहिए।

प्रधानाध्यापक महिपाल सिंह ने छात्राओं को निरंतर अध्ययन कर ज्ञान अर्जित करने और जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। समाजसेवी अरविंद गोयल खौड़ ने विद्यालय विकास में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि बालिकाएं यदि लक्ष्य तय कर मेहनत करें तो सफलता निश्चित है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की छात्राओं ने भी अपने विचार साझा किए और विद्यालय में मिले मार्गदर्शन के लिए शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य महावीर सिंह, भामाशाह भीमाराम गुर्जर, गोविंद ब्राह्मण, सुरेश ब्राह्मण, समाजसेवी अरविंद गोयल खौड़, अजय जैन जवाली, दिलीप आदरा, उपप्रधानाचार्य सुरेश जांगिड़, व्याख्याता सौरभ सिंह चारण, व्याख्याता मांगीलाल मीणा, शिक्षक जितेंद्र दवे, फुलचंद मालवीय, शिक्षिका मीना चौधरी, प्रियंका सेन, जयसिंह, वार्डन लीला मेघवाल सहित विद्यालय स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।