हरिद्वार में धामी सरकार के 13 फैसलों पर मुहर: अग्निवीरों को मिलेगी अतिरिक्त छूट, जानिए कैबिनेट में क्या-क्या हुआ मंजूर
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार के मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) में आयोजित उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक संपन्न हो गई। बैठक में रखे गए सभी 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में अतिरिक्त छूट, कुंभ मेला-2027 की तैयारियों, स्वास्थ्य सुविधाओं, आवासीय योजनाओं और विकास कार्यों से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
अग्निवीरों को सरकारी भर्ती में अतिरिक्त छूट
कैबिनेट का प्रमुख फैसला अग्निवीरों से जुड़ा रहा। समूह ‘ग’ के वर्दीधारी पदों की भर्ती में अग्निवीरों को पहले से 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। अब उन्हें लिखित परीक्षा, शारीरिक परीक्षा और आवश्यक ऊंचाई के मानकों में भी छूट देने का निर्णय लिया गया है। इस फैसले से राज्य में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे पात्र पूर्व अग्निवीरों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
हरिद्वार में ESI अस्पताल के लिए 10 एकड़ जमीन
कैबिनेट ने हरिद्वार में ईएसआई अस्पताल के लिए 10 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। इससे क्षेत्र में कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार का रास्ता खुलने की उम्मीद है।
ऋषिकुल मैदान में बनेगा प्राच्य शोध संस्थान
हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान की स्थापना की जाएगी। यह संस्थान सोसायटी मोड में संचालित होगा। इसके माध्यम से भारतीय योग, ध्यान, ज्योतिष और अन्य आध्यात्मिक व सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की योजना है। इसके लिए समिति के गठन को कैबिनेट ने मंजूरी दी है।
बाढ़ मैदान नियमावली को मंजूरी
बैठक में बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण नियमावली को भी मंजूरी दी गई। इसके अतिरिक्त हरिद्वार जिले के भगवानपुर में सरकारी आवासीय योजना के तहत सड़क निर्माण से जुड़े मानकों में कमी करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।
कुंभ-2027 और विकास कार्यों पर भी चर्चा
बैठक में हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेला-2027 की तैयारियों, विकास योजनाओं, स्वास्थ्य और आवास से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। आगामी विधानसभा सत्र गैरसैंण या किसी अन्य स्थान पर आयोजित करने से संबंधित विषय भी चर्चा में रहे।
कैबिनेट बैठक के बाद सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में कुल 13 प्रस्ताव आए और सभी को मंजूरी दी गई।
पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हरिद्वार में कैबिनेट बैठक आयोजित करने का उद्देश्य जनता से जुड़े फैसले जनता के बीच लेना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। बैठक से पहले मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल के सदस्यों ने हर की पैड़ी पर मां गंगा की पूजा-अर्चना और आरती कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (12 अक्टूबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
बिंदुखत्ता राजस्व ग्राम: मुख्यमंत्री से नहीं मिला ठोस आश्वासन, अब हल्द्वानी में महारैली की तैयारी! यूकेडी ने भी दिया समर्थन
आज का राशिफल (11 अक्टूबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!