देहरादून: राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले बड़ा हादसा, मंच का लोहे का स्ट्रक्चर गिरने से कांग्रेस नेता की मौत

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से एक दिन पहले बड़ा हादसा हो गया। कार्यक्रम स्थल बन्नू स्कूल ग्राउंड में मंच की तैयारियों के दौरान लोहे का भारी स्ट्रक्चर गिरने से कांग्रेस नेता अमर मेहता गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए बन्नू स्कूल ग्राउंड में मंच और वाटरप्रूफ टेंट लगाने का कार्य अंतिम चरण में चल रहा था। इसी दौरान क्रेन की सहायता से लोहे का भारी स्ट्रक्चर खड़ा किया जा रहा था। तभी अचानक उसका एक हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में कांग्रेस नेता अमर मेहता आ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर रूप से घायल अमर मेहता को तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अमर मेहता देहरादून के निरंजनपुर क्षेत्र के निवासी थे और लंबे समय से कांग्रेस संगठन से जुड़े हुए थे। वह पूर्व में पार्षद पद का चुनाव भी लड़ चुके थे और पार्टी के सक्रिय नेताओं में गिने जाते थे।

घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उधर, पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसा मंच निर्माण के दौरान हुआ माना जा रहा है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि दुर्घटना तकनीकी खामी, सुरक्षा मानकों की अनदेखी या किसी अन्य कारण से हुई।