धामी सरकार की बड़ी सौगात! सिर्फ 3 लाख रुपये में मिलेगा अपना घर,….जानिए कौन उठा सकेगा इस योजना का लाभ
देहरादून/रुद्रपुर। उत्तराखंड की धामी सरकार आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी सौगात लेकर आई है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित बागवाला में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए बनाए गए 1872 फ्लैटों का जल्द आवंटन किया जाएगा। इन आवासों की कुल निर्माण लागत लगभग 6 लाख रुपये प्रति फ्लैट है, लेकिन पात्र लाभार्थियों को मात्र 3 लाख रुपये में अपना पक्का घर मिलेगा। शेष राशि केंद्र और राज्य सरकार सब्सिडी के रूप में वहन करेंगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बागवाला में 39,220 वर्गमीटर क्षेत्रफल में 23 बहुमंजिला आवासीय ब्लॉक तैयार किए गए हैं। इनमें से 832 फ्लैट पूरी तरह बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि 500 से अधिक फ्लैटों का निर्माण अंतिम चरण में है। परियोजना का शेष कार्य भी तेजी से पूरा किया जा रहा है।
प्रत्येक फ्लैट में एक शयनकक्ष, बैठक कक्ष, रसोईघर, स्नानघर, शौचालय तथा बरामदा उपलब्ध कराया गया है। सभी भवनों का निर्माण भूकंपरोधी तकनीक से किया गया है। इसके साथ ही परिसर में वर्षा जल संचयन, सीवरेज सिस्टम, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तथा बच्चों और बुजुर्गों के लिए पार्क जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।
आवासीय परिसर मुख्य बाजार से लगभग तीन किलोमीटर, बस स्टेशन से पांच किलोमीटर और रेलवे स्टेशन से करीब आठ किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जिससे लोगों को आवागमन में भी सुविधा मिलेगी।
ऐसे मिलेगा आवास
आवास के लिए आवेदन करने हेतु पात्र अभ्यर्थियों को 5,000 रुपये जमा कर आवेदन करना होगा। शेष राशि के लिए बैंक ऋण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। लाभार्थियों का चयन कंप्यूटर आधारित रैंडमाइजेशन लॉटरी प्रणाली के माध्यम से किया जाएगा।
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदक का प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के एमआईएस पोर्टल पर पंजीकरण होना आवश्यक है। साथ ही आवेदक उत्तराखंड का स्थायी निवासी हो, उसकी वार्षिक आय तीन लाख रुपये या उससे कम हो तथा उसके या उसके परिवार के किसी सदस्य के नाम देश में कहीं भी पक्का मकान नहीं होना चाहिए।
आवास विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार हर पात्र परिवार को पक्का आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जल्द ही पात्र लाभार्थियों को आवास आवंटित कर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


हल्द्वानी: डीएम ने की बड़ी कार्रवाई, राजस्व उपनिरीक्षक निलंबित, राजस्व निरीक्षक पर विभागीय जांच के आदेश
हल्द्वानी: तहसील में डीएम का औचक निरीक्षण, एक साल से लंबित सीमांकन मामलों पर जताई नाराजगी