उत्तराखंड: युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी…. कोटद्वार में 15 जनवरी से अग्निवीर भर्ती, 7 जिलों के युवा होंगे शामिल
कोटद्वार। उत्तराखंड के युवाओं के लिए सेना में भर्ती होने का सुनहरा मौका सामने आया है। गढ़वाल राइफल्स लैंसडाउन सेना भर्ती कार्यालय की ओर से 15 जनवरी 2026 से अग्निवीर भर्ती का आयोजन किया जा रहा है। यह भर्ती कोटद्वार स्थित गब्बर सिंह कैंप में आयोजित होगी, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं के शामिल होने की संभावना है।
जानकारी के अनुसार अग्निवीर भर्ती जनरल ड्यूटी, अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी, अग्निवीर तकनीकी और अग्निवीर ट्रेडमैन पदों के लिए की जाएगी। इस भर्ती में वही अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे, जिन्होंने अग्निवीर भर्ती के लिए कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) 2025 सफलतापूर्वक पास किया है।
यह भर्ती सेना भर्ती कार्यालय लैंसडाउन के अंतर्गत आने वाले गढ़वाल क्षेत्र के 7 जिलों के पात्र उम्मीदवारों के लिए आयोजित की जा रही है। इनमें चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, देहरादून और हरिद्वार जिले शामिल हैं। इन जिलों से हजारों युवाओं के भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने की उम्मीद जताई जा रही है।
अग्निपथ भर्ती योजना के तहत भारतीय थल सेना, नौसेना और वायु सेना में 17½ से 21 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को चार वर्षों के लिए भर्ती किया जाता है। चार साल की सेवा पूरी होने के बाद 25 प्रतिशत अग्निवीरों को अगले 15 वर्षों के लिए स्थायी सेवा में बनाए रखने का प्रावधान भी है। खास बात यह है कि अग्निवीरों का पहला बैच इस वर्ष अपना चार साल का कार्यकाल पूरा करने जा रहा है।
सेना भर्ती कार्यालय ने पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि पर सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ समय से भर्ती स्थल पर पहुंचने की अपील की है। इस भर्ती को लेकर युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (02 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
गौला नदी का रौद्र रूप, बिंदुखत्ता में तेज भू-कटाव से मचा हड़कंप; कई एकड़ जमीन नदी में समाई
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर, पदयात्रा में आज भी उमड़ा जनसैलाब; हजारों लोग हुए शामिल