बड़ी खबर (उत्तराखंड): चारधाम यात्रा 2026 से पहले बड़ा नियम लागू; बिना इस कार्ड के नहीं चल पाएंगे वाहन
देहरादून/ऋषिकेश। चारधाम यात्रा 2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए परिवहन विभाग ने इस बार सख्त व्यवस्थाएं लागू कर दी हैं। दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से व्यावसायिक वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड बनाने की प्रक्रिया 23 मार्च से शुरू होगी। विभाग इस बार वाहनों की फिटनेस जांच में विशेष सतर्कता बरत रहा है, ताकि पहाड़ी मार्गों पर किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।
ऋषिकेश में पूजा-अर्चना के साथ ग्रीन कार्ड और ट्रिप कार्ड जारी करने की प्रक्रिया शुरू होगी। यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल को गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ होगा, जिसके लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
इस बार बाहरी राज्यों से आने वाले 12 सीट से अधिक क्षमता वाले व्यावसायिक वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड की वैधता केवल 15 दिन रखी गई है। जबकि उत्तराखंड के पंजीकृत वाहनों के लिए यह वैधता छह महीने तक रहेगी। इससे बाहरी वाहनों की निगरानी और नियंत्रण आसान होगा।
परिवहन विभाग ने इस बार नियमों का दायरा बढ़ाते हुए ट्रेकिंग, कैंपिंग और एडवेंचर टूरिज्म के लिए आने वाले पर्यटक वाहनों पर भी ग्रीन कार्ड अनिवार्य कर दिया है। काणाताल, केदारकांठा, चोपता, पंवालीकांठा, देवरिया ताल, हर्षिल, सतोपंत और फूलों की घाटी जैसे पर्यटन स्थलों पर जाने वाले वाहनों के लिए भी यह नियम लागू रहेगा। इन वाहनों का ग्रीन कार्ड भी 15 दिनों के लिए ही मान्य होगा।
सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी व्यावसायिक वाहन चालकों का स्वास्थ्य परीक्षण अनिवार्य किया गया है। चेकपोस्टों पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात रहेंगी, जहां चालकों की आंखों सहित अन्य जरूरी जांच की जाएगी। पर्वतीय मार्गों पर वाहन चलाने के लिए चालक का लाइसेंस ‘हिल इंडोर्स’ होना भी अनिवार्य रहेगा।
ग्रीन कार्ड बनाने के लिए वाहन मालिक को परिवहन विभाग की वेबसाइट पर आवेदन करना होगा, जिसमें वाहन की आरसी, फिटनेस, प्रदूषण प्रमाण पत्र और टैक्स संबंधी जानकारी देनी होगी। वाहन की तकनीकी जांच पास होने के बाद ही ग्रीन कार्ड जारी किया जाएगा। इसके अलावा हर ट्रिप के लिए ट्रिप कार्ड भी अनिवार्य होगा, जिसमें यात्रियों का पूरा विवरण दर्ज रहेगा।
परिवहन विभाग का कहना है कि इन सख्त नियमों का उद्देश्य चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दुर्घटनामुक्त बनाना है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के अपनी यात्रा पूरी कर सकें।


हल्द्वानी में 21 मार्च को बड़ा कार्यक्रम: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दौरे से पहले प्रशासन अलर्ट, तैयारियों की सख्त समीक्षा
Chaitra Navratri 2026: डोली में सवार होकर आएंगी मां दुर्गा, जानिए कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त और पूरे 9 दिन का कैलेंडर
नैनीताल: विकास कार्यों में देरी पर सख्त मुख्य सचिव, बोले—समय पर पूरी हों परियोजनाएं, पर्यटकों को न हो कोई असुविधा
हल्द्वानी: यहां सड़क किनारे खड़े युवक को तेज रफ्तार डंपर ने कुचला, अस्पताल में मौत