बड़ी खबर(उत्तराखंड) : नगला-किच्छा सड़क समेत 160.54 करोड़ की योजनाओं को सीएम धामी की मंजूरी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में सिंचाई, सड़क चौड़ीकरण, मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम और आपदा प्रबंधन से जुड़ी परियोजनाओं के लिए कुल 160.54 करोड़ रुपये की योजनाओं को मंजूरी दी है। इन योजनाओं से राज्य के पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने नाबार्ड वित्त पोषण के तहत सिंचाई विभाग की 16 योजनाओं को स्वीकृति दी है, जिनकी कुल लागत 53.68 करोड़ रुपये है। इन योजनाओं से विभिन्न जनपदों में कृषि सिंचाई व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
इसके अलावा उधम सिंह नगर जिले की किच्छा विधानसभा क्षेत्र में नगला-किच्छा मोटर मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-44) को दो लेन से चार लेन में विस्तारित करने की योजना को भी मंजूरी दी गई है। इस परियोजना पर 80.63 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे यातायात व्यवस्था सुगम होगी और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा मिलेगा।
मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए मुख्यमंत्री ने वन प्रभागों को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने और अन्य संबंधित कार्यों के लिए 11 करोड़ रुपये की राशि राज्य आपदा मोचन निधि से तत्काल स्वीकृत की है।
साथ ही आपदा की दृष्टि से संवेदनशील पिथौरागढ़, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी और बागेश्वर जनपदों में पुलिस संचार नेटवर्क को उच्चीकृत करने के लिए 15.23 करोड़ रुपये की योजना को भी मंजूरी दी गई है। इससे आपदा के समय त्वरित संचार और राहत कार्यों में तेजी आएगी।
राज्य सरकार का कहना है कि इन योजनाओं से सड़क, सिंचाई, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन से जुड़ी सुविधाएं मजबूत होंगी और आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (02 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
गौला नदी का रौद्र रूप, बिंदुखत्ता में तेज भू-कटाव से मचा हड़कंप; कई एकड़ जमीन नदी में समाई
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर, पदयात्रा में आज भी उमड़ा जनसैलाब; हजारों लोग हुए शामिल