बड़ी खबर (अल्मोड़ा): सेना में जाने का सुनहरा मौका, अग्निवीर भर्ती में बड़ा बदलाव, अब इतने साल तक के युवा कर सकेंगे आवेदन
अल्मोड़ा। उत्तराखंड के युवाओं के लिए भारतीय सेना में शामिल होने का बड़ा अवसर सामने आया है। अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और एक अप्रैल तक पंजीकरण किया जा सकेगा। इस बार भर्ती में कई अहम बदलाव किए गए हैं, जिससे अधिक युवाओं को मौका मिल सकेगा।
सबसे बड़ा बदलाव आयु सीमा में किया गया है। अब 17½ से 22 वर्ष तक के युवा आवेदन कर सकेंगे, जबकि पहले अधिकतम आयु 21 वर्ष थी। इससे उन अभ्यर्थियों को राहत मिली है जो पिछले वर्ष आयु सीमा के कारण बाहर हो गए थे।
भर्ती की कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा देशभर के 176 केंद्रों पर आयोजित होगी। अभ्यर्थियों को आवेदन के समय पांच परीक्षा केंद्र चुनने का विकल्प मिलेगा। आवेदन शुल्क 250 रुपये तय किया गया है और भुगतान ऑनलाइन ही करना होगा।
सेना भर्ती कार्यालय अल्मोड़ा के अंतर्गत अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिलों के अभ्यर्थी इसमें भाग ले सकेंगे। इस वर्ष युवाओं को एक साथ दो अलग-अलग पदों के लिए आवेदन करने की सुविधा भी दी गई है, जो पहले उपलब्ध नहीं थी।
शैक्षिक योग्यता के अनुसार अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए 10वीं पास, टेक्निकल और क्लर्क/स्टोर कीपर के लिए 12वीं विज्ञान वर्ग अनिवार्य है। ट्रेड्समैन के लिए 8वीं और 10वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे। महिला सैन्य पुलिस और नर्सिंग सहायक पद के लिए भी 10वीं पास होना जरूरी है।
खेल, एनसीसी और आईटीआई प्रमाणपत्र धारकों को बोनस अंक का लाभ मिलेगा। एनसीसी ‘सी’ प्रमाणपत्र धारकों को अधिकतम 20 अंक तक की छूट दी जाएगी, जिससे उनकी चयन संभावना बढ़ जाएगी।
भर्ती निदेशक कर्नल मेहश कुमार ने युवाओं से अपील की है कि वे किसी भी बिचौलिए या दलाल के झांसे में न आएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरी चयन प्रक्रिया पारदर्शी और मेरिट आधारित होगी। सेना में शामिल होकर देश सेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए यह बड़ा मौका माना जा रहा है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (01 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर; 17वें दिन पदयात्रा में उमड़ी भारी भीड़
लालकुआं में गरमाई सियासत: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत 15 के खिलाफ मुकदमे की मांग; कांग्रेसियों ने दी तहरीर
(खुलासा): नई कार खरीदने के शौक ने पहुंचाया सलाखों के पीछे, पड़ोसी के घर से चुराया 15 लाख का सोना
आज का राशिफल (31 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!