बड़ी खबर! ऋषिकेश एम्स में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी की मौत, पुलिस कस्टडी में गोली लगने के बाद चल रहा था इलाज
उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित एम्स से बड़ी खबर सामने आई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर विनय त्यागी की इलाज के दौरान मौत हो गई। हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में पुलिस कस्टडी के दौरान गोली लगने से घायल हुए विनय त्यागी का पिछले तीन दिनों से एम्स के ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा था, जहां वह वेंटिलेटर पर था। एम्स के पीआरओ श्रीलॉय मोहंती ने विनय त्यागी की मौत की आधिकारिक पुष्टि कर दी है।
जानकारी के मुताबिक 24 दिसंबर को विनय त्यागी को जेल से अदालत में पेशी के लिए पुलिस वाहन से ले जाया जा रहा था। बुधवार दोपहर करीब एक बजे हरिद्वार-लक्सर हाईवे ओवरब्रिज पर जाम का फायदा उठाते हुए बाइक सवार दो बदमाशों ने पुलिस वाहन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इस हमले में विनय त्यागी के सीने, हाथ और गले में कई गोलियां लगी थीं। गंभीर हालत में उसे पहले देहरादून के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया था।
विनय त्यागी करोड़ों रुपये की एक हाईप्रोफाइल चोरी के मामले में आरोपी था। आरोप है कि मेरठ-गाजियाबाद के एक बड़े एनएचएआई ठेकेदार का भारी मात्रा में कैश, कई किलो सोना, ज्वैलरी और बेनामी संपत्तियों से जुड़े अहम दस्तावेज देहरादून में छिपाकर रखे गए थे, जिन्हें विनय त्यागी ने एक कार से चुरा लिया था। इसी मामले में देहरादून पुलिस ने उसे और उसकी पत्नी को गिरफ्तार किया था और बड़ी मात्रा में चोरी का माल बरामद करने का दावा किया गया था।
मृतक की बहन सीमा त्यागी ने इस पूरे मामले को लेकर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि यह चोरी करीब 750 करोड़ रुपये की थी और विनय त्यागी इस पूरे मामले का खुलासा प्रवर्तन निदेशालय के सामने करने की तैयारी कर रहा था। परिवार ने उत्तराखंड पुलिस पर साजिश के तहत विनय त्यागी को मरवाने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विनय की मौत के साथ ही एनएचएआई ठेकेदार की कथित काली कमाई से जुड़े कई बड़े राज भी दफन हो गए हैं। पुलिस और प्रशासन की भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे हैं, वहीं पूरे मामले ने प्रदेश में हड़कंप मचा दिया है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (02 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
गौला नदी का रौद्र रूप, बिंदुखत्ता में तेज भू-कटाव से मचा हड़कंप; कई एकड़ जमीन नदी में समाई
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर, पदयात्रा में आज भी उमड़ा जनसैलाब; हजारों लोग हुए शामिल