बड़ी खबर (देहरादून): जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप
देहरादून। लगातार तीसरे दिन जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। जिला जज को ईमेल के जरिए धमकी भेजी गई, जिसके बाद एहतियातन कोर्ट परिसर को खाली करा लिया गया और पूरे इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई।
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे न्यायालय परिसर की सघन तलाशी ली गई। कोर्ट में बम होने की खबर फैलते ही अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आनन-फानन में न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमें भी जांच के लिए तैनात की गईं।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि सुबह जिला जज कार्यालय से ईमेल के माध्यम से धमकी मिलने की सूचना पुलिस को दी गई। इसके तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर को खाली कराया और गहन चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली, जिसके बाद दोबारा लोगों को कोर्ट परिसर में प्रवेश की अनुमति दी गई।
बार एसोसिएशन अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने कहा कि ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद कैंपस को खाली कराया गया। सुरक्षा सर्वोपरि है और सभी लोग प्रशासन के निर्देशों का पालन कर रहे हैं। लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए सतर्कता बेहद जरूरी है।
गौरतलब है कि रविवार 16 फरवरी से इस तरह की धमकियों का सिलसिला जारी है। सबसे पहले नैनीताल और उत्तरकाशी कोर्ट को लेकर धमकी मिली थी। इसके अगले दिन पिथौरागढ़, टिहरी, रुद्रप्रयाग और हरिद्वार कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। हरिद्वार जिला कोर्ट को आरडीएक्स से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद वहां भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई थीं। बीडीएस और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच की, हालांकि वहां भी कुछ संदिग्ध नहीं मिला।
फिलहाल देहरादून समेत प्रदेश के विभिन्न न्यायालय परिसरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस और इंटेलिजेंस एजेंसियां ईमेल के स्रोत और धमकी देने वालों की पहचान में जुटी हैं। प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना दें।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


लालकुआं: रिश्तेदारी में गई थीं मकान मालकिन, पीछे से घर में लाखों की चोरी; कुंडा तोड़कर जेवर-नकदी ले उड़े चोर
आज का राशिफल (18 अक्टूबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
SKM कॉन्वेंट स्कूल में नवरात्रि की धूम, राम-सीता और हनुमान के स्वरूप में सजे बच्चे; कन्या पूजन कर दिया संस्कृति और नारी शक्ति का संदेश