(बड़ी खबर) उत्तराखंड: भारी बारिश और भूस्खलन के बीच चारधाम यात्रा पर ब्रेक, श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर रोकने के निर्देश

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और मौसम विभाग के रेड एवं ऑरेंज अलर्ट के बीच चारधाम यात्रा को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। यात्रा मार्गों पर कई स्थानों पर भूस्खलन और खराब मौसम की स्थिति को देखते हुए सोमवार को एहतियात के तौर पर चारधाम यात्रा का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

गढ़वाल आयुक्त ने चारधाम यात्रा से जुड़े सभी जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्गों पर मौजूद तीर्थयात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए। मौसम और सड़क मार्ग की स्थिति पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही श्रद्धालुओं को आगे की यात्रा की अनुमति दी जाए।

लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा आने का खतरा बना हुआ है। इसे देखते हुए प्रशासन को चारधाम यात्रा मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि मौसम और सड़कों की स्थिति की पल-पल की जानकारी जुटाई जाए और उसी के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाए।

प्रशासन ने यह भी निर्देश दिया है कि मीडिया और अन्य संचार माध्यमों के जरिए तीर्थयात्रियों तक समय पर सही एवं आधिकारिक जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि किसी तरह की अफवाह या भ्रम की स्थिति पैदा न हो।

प्रशासन के मुताबिक चारधाम यात्रा को फिलहाल एहतियातन अस्थायी रूप से रोका गया है। मौसम में सुधार और यात्रा मार्ग सुरक्षित घोषित होने के बाद यात्रा का संचालन दोबारा शुरू किया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  उत्तराखंड: भारी बारिश का रेड अलर्ट के चलते कल इस जिले में कक्षा 1 से 12 तक सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

तीर्थयात्रियों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और संबंधित जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। साथ ही यात्रा से जुड़ी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की सलाह दी गई है।