बड़ी खबर (उत्तराखंड): युवाओं के लिए सुनहरा मौका,सहकारी बैंकों में होगी बंपर भर्ती

ख़बर शेयर करें 👉

सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने दी भर्ती प्रस्ताव को मंजूरी, आईबीपीएस के माध्यम से 177 पदों पर होगी परीक्षा

देहरादून। उत्तराखंड के बेरोजगार युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश के सहकारी बैंकों में 177 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जल्द शुरू होने जा रही है। सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है और विभागीय अधिकारियों को भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। यह भर्ती भारत सरकार के उपक्रम इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सलेक्शन (आईबीपीएस) के माध्यम से की जाएगी।
डॉ. रावत ने बताया कि सहकारिता विभाग के अंतर्गत जिला सहकारी और राज्य सहकारी बैंकों के वर्ग-1, 2 और 3 के कुल 177 रिक्त पदों पर यह भर्ती होगी। इनमें वरिष्ठ शाखा प्रबंधक के 8, कनिष्ठ शाखा प्रबंधक के 65 और लिपिक/कैशियर के 104 पद शामिल हैं। उन्होंने बताया कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए आईबीपीएस को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो पहले भी सहकारिता विभाग में दो सफल भर्तियां कर चुका है।

मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जिसने सहकारी बैंकों की भर्ती के लिए आईबीपीएस जैसी प्रतिष्ठित संस्था को चुना है। इसका उद्देश्य यह है कि योग्य और पात्र युवाओं को बिना किसी भेदभाव के अवसर मिल सके। जल्द ही भर्ती विज्ञापन भी जारी किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के सहकारी बैंकों का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है। अधिकांश बैंक लाभ की स्थिति में हैं और एनपीए में भी उल्लेखनीय कमी आई है। बैंकिंग सेवाएं भी लगातार विस्तारित की जा रही हैं। चारधाम यात्रा मार्ग और दुर्गम क्षेत्रों में मोबाइल एटीएम वैन, नई शाखाएं, नेट बैंकिंग और आसान ऋण सुविधाएं उपभोक्ताओं को दी जा रही हैं।
डॉ. रावत ने कहा कि यह भर्ती न सिर्फ युवाओं के लिए रोजगार का अवसर लेकर आएगी, बल्कि इससे सहकारी बैंकों की कार्यक्षमता भी बढ़ेगी और बैंकिंग ढांचा और मजबूत होगा।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  बिन्दुखत्ता राजस्व ग्राम की अधिसूचना: सवा दो साल का इंतजार, 22वें दिन की पदयात्रा में आर-पार की तैयारी
Ad Ad Ad Ad