उत्तराखंड: शिक्षा विभाग में रिश्वत का खेल बेनकाब, 20 हजार लेते BEO और BRC रंगे हाथ गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें 👉

हरिद्वार। शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार का एक गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस मॉडर्न स्कूल की मान्यता के नवीनीकरण के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) और एक ब्लॉक रिसोर्स पर्सन (बीआरसी) को विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है।

मामला 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार स्थित पुलिस मॉडर्न स्कूल से जुड़ा है, जहां स्कूल की मान्यता का नवीनीकरण किया जाना था। आरोप है कि इस प्रक्रिया के बदले खंड शिक्षा अधिकारी बृजपाल सिंह राठौर ने 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बताया जा रहा है कि इस लेन-देन की पूरी डील उनके करीबी ब्लॉक रिसोर्स पर्सन मुकेश कुमार द्वारा कराई जा रही थी।

स्कूल की प्रधानाचार्या ने रिश्वत मांगने की शिकायत उच्च अधिकारियों से की, जिसके बाद देहरादून विजिलेंस की टीम सक्रिय हुई। गुरुवार को विजिलेंस टीम ने हरिद्वार पहुंचकर जाल बिछाया और रिश्वत लेते समय खंड शिक्षा अधिकारी बृजपाल सिंह राठौर और बीआरसी मुकेश कुमार को रंगे हाथों दबोच लिया।

गिरफ्तार बीआरसी मुकेश कुमार वर्तमान में श्यामपुर स्थित एक सरकारी स्कूल में प्रधानाध्यापक के पद पर भी तैनात है। विजिलेंस टीम दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई के लिए देहरादून ले गई है।

मामले को लेकर चर्चा यह भी है कि आरोपी खंड शिक्षा अधिकारी की पत्नी रीना राठौर पुलिस उपाधीक्षक हैं और वर्तमान में देहरादून में क्षेत्राधिकारी के रूप में तैनात हैं। इस तथ्य के सामने आने के बाद मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है।
विजिलेंस विभाग द्वारा पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच की जा रही है।