इगास पर्व पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी शुभकामनाएं, बोले– लोक संस्कृति ही देवभूमि की असली पहचान

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को इगास पर्व यानी बूढ़ी दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर जारी अपने संदेश में उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपरा ही देवभूमि की असली पहचान है। किसी भी राज्य की लोक संस्कृति उसकी आत्मा होती है, और इगास पर्व इसी आत्मा का अभिन्न हिस्सा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हमारे लोक पर्व और सांस्कृतिक विरासत समाज में एकता, जीवंतता और उत्साह का प्रतीक हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपनी लोक परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहर को आगे बढ़ाने में सहयोग करें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह देशभर में सांस्कृतिक विरासत और गौरव की पुनर्स्थापना हो रही है, उसी तरह उत्तराखंडवासी भी इगास पर्व को बड़े उत्साह और गर्व के साथ मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इस पर्व पर सार्वजनिक अवकाश की परंपरा शुरू की है ताकि लोग अपने पैतृक गांवों में लौटकर इस पर्व को अपनी जड़ों से जुड़कर मना सकें।

धामी ने यह भी कहा कि युवाओं को अपनी लोक संस्कृति और पर्वों से जोड़ना समय की जरूरत है। उन्होंने प्रवासी उत्तराखंडवासियों से भी आग्रह किया कि वे अपने गांव लौटकर इस पर्व को परिवार और समाज के साथ मनाएं तथा प्रदेश के विकास में सहभागी बनें।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना भी की।