नववर्ष 2026 पर CM धामी का बड़ा संदेश: विकास, रोजगार और सुशासन के पथ पर तेजी से आगे बढ़ेगा उत्तराखंड

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नववर्ष 2026 के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नया साल उत्तराखंड के लिए विकास, विश्वास और समृद्धि का नया अध्याय लिखेगा। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में राज्य की अब तक की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए भविष्य की प्राथमिकताओं को भी स्पष्ट किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की विकास यात्रा संघर्ष और संकल्प से शुरू होकर निरंतर प्रगति की ओर बढ़ी है। राज्य आंदोलन की मूल भावना समग्र और संतुलित विकास की रही है, जिसे सरकार ने पारदर्शी शासन, जनभागीदारी और आधुनिक कार्यसंस्कृति के माध्यम से आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि आर्थिक विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

मुख्यमंत्री ने पर्यटन, कृषि, बागवानी, पशुपालन और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने को राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताया। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में किए गए नवाचारों और नीतिगत फैसलों के चलते उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर एक अलग पहचान मिली है और अन्य राज्य भी उत्तराखंड मॉडल को अपनाने लगे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार ने जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए डिजिटल गवर्नेंस, पारदर्शी व्यवस्था और त्वरित निर्णय प्रक्रिया को मजबूत किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून, नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण के खिलाफ कानून जैसे ऐतिहासिक निर्णयों से राज्य में कानून का राज और सामाजिक संतुलन मजबूत हुआ है। भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई और निष्पक्ष प्रशासन सरकार की पहचान बने हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि बीते चार वर्षों में 26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जबकि स्वरोजगार योजनाओं के जरिए लाखों लोगों को आजीविका के नए अवसर मिले हैं। महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों की आय बढ़ाने और गरीब व वंचित वर्गों के कल्याण के लिए कई योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू की गई हैं। स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली और पेयजल जैसे बुनियादी ढांचे के क्षेत्रों में भी तेजी से काम हुआ है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति आयोग द्वारा सतत विकास लक्ष्यों के तहत उत्तराखंड को देश में पहला स्थान दिया जाना राज्य की विकास नीति की बड़ी उपलब्धि है। राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन से उत्तराखंड को राष्ट्रीय पहचान मिली है। निवेश और उद्योग के क्षेत्र में राज्य में 3.56 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए हैं, जिनमें से करीब एक लाख करोड़ रुपये की परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं।

अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को रोजगार, निवेश, पर्यटन और सुशासन के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करना है। उन्होंने प्रदेशवासियों से विकास यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए नववर्ष 2026 के लिए शुभकामनाएं दीं।