सीएम धामी का बड़ा बयान, बदरीनाथ मंदिर चोरी मामले में दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली के गोपेश्वर में आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने बदरीनाथ मंदिर चोरी मामले पर भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का उद्देश्य शासन-प्रशासन को सीधे जनता तक पहुंचाना है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने बताया कि अभियान के पहले चरण में प्रदेशभर में छह लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया, जबकि 60 हजार से ज्यादा शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।
उन्होंने बताया कि चमोली जिले में अब तक 13 जनकल्याण शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 752 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 683 शिकायतों का निस्तारण किया गया, जबकि 2,500 से अधिक लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ मिला।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सीमांत गांव, प्रथम गांव’ के विजन को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश में कई विकास योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। इसके अलावा धर्मांतरण विरोधी कानून, नकल विरोधी कानून और भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि योग्यता और पारदर्शिता के आधार पर 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने चमोली जिले में बदरीनाथ धाम, माणा और नीति क्षेत्र में मास्टर प्लान के तहत चल रहे विकास कार्यों, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, हेली एम्बुलेंस सेवा, महिला स्वयं सहायता समूहों और होमस्टे योजना का भी उल्लेख किया।
बदरीनाथ मंदिर चोरी मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अत्यंत गंभीर मामला है। सरकार इस प्रकरण में किसी भी प्रकार की राजनीति नहीं होने देगी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।


पिथौरागढ़: 13 वर्षीय छात्रा घर छोड़कर भागी, काउंसलिंग में लगाए पिता पर गंभीर आरोप; आरोपी गिरफ्तार
उत्तराखंड हाईकोर्ट शिफ्टिंग पर सतपाल महाराज की पहल लाई रंग,…गौलापार स्थानांतरण को बताया दूरदर्शी सोच का परिणाम
आज का राशिफल (15 जुलाई 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!