उत्तराखंड: वर्दी खरीद घोटाले पर धामी सरकार का बड़ा एक्शन, होमगार्ड्स के निदेशक निलंबित
देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा विभाग में वर्दी सामग्री की खरीद से जुड़े कथित घोटाले पर कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर निदेशक होमगार्ड (डिप्टी कमांडेंट) अमिताभ श्रीवास्तव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही पूरे मामले की गहन जांच के लिए संयुक्त जांच समिति गठित करने के आदेश भी जारी किए गए हैं।
यह मामला वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान होमगार्ड्स के लिए वर्दी सामग्री की खरीद प्रक्रिया से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि इस दौरान टेंडर प्रक्रिया में गंभीर वित्तीय अनियमितताएं की गईं और निर्धारित नियमों व प्रक्रियाओं का उल्लंघन हुआ।
महानिदेशक, होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा, देहरादून द्वारा शासन को भेजी गई रिपोर्ट में टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता के अभाव और कई स्तरों पर अनियमितताओं का स्पष्ट उल्लेख किया गया था। रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों को गंभीरता से लेते हुए महानिदेशक की संस्तुति पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद डिप्टी कमांडेंट अमिताभ श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया गया है। इसके साथ ही पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए संयुक्त जांच समिति का गठन किया गया है, जो वर्दी खरीद से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर अपनी रिपोर्ट शासन को सौंपेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने साफ शब्दों में कहा है कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। किसी भी स्तर पर अनियमितता या भ्रष्ट आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (02 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
गौला नदी का रौद्र रूप, बिंदुखत्ता में तेज भू-कटाव से मचा हड़कंप; कई एकड़ जमीन नदी में समाई
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर, पदयात्रा में आज भी उमड़ा जनसैलाब; हजारों लोग हुए शामिल