उत्तराखंड: चमोली में सुरंग के भीतर बड़ा रेल हादसा, आमने-सामने टकराईं लोको ट्रेनें, 60 श्रमिक जख्मी
उत्तराखंड के चमोली जिले में मंगलवार देर शाम एक बड़ा हादसा हो गया। विष्णुगाड़ पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की पीपलकोटी सुरंग के भीतर श्रमिकों और अधिकारियों को ले जा रही लोको ट्रेन की सामग्री ढोने वाली ट्रेन से आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में करीब 60 लोग घायल हो गए। घटना के बाद सुरंग के भीतर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे और वहां भर्ती घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि हादसे के समय ट्रेन में कुल 109 लोग सवार थे, जिनमें से 60 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
प्रशासन के अनुसार 42 घायल श्रमिकों का उपचार जिला अस्पताल गोपेश्वर में किया जा रहा है, जबकि 17 घायलों को विवेकानंद अस्पताल पीपलकोटी में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद निगरानी में रखा गया है। राहत की बात यह है कि किसी के भी जान को खतरा नहीं बताया गया है।
बताया गया कि टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड द्वारा अलकनंदा नदी पर हेलंग और पीपलकोटी के बीच 444 मेगावाट की जलविद्युत परियोजना का निर्माण किया जा रहा है। सुरंग के भीतर निर्माण कार्य के दौरान श्रमिकों, अधिकारियों और सामग्री के आवागमन के लिए रेलनुमा वाहनों का उपयोग किया जाता है। इसी दौरान एक ट्रेन श्रमिकों को लेकर आ रही थी, जबकि दूसरी ट्रेन सामग्री लेकर जा रही थी और दोनों के बीच टक्कर हो गई।
हादसे के बाद परियोजना प्रबंधन और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा शुरू कर दी है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर, पदयात्रा में आज भी उमड़ा जनसैलाब; हजारों लोग हुए शामिल
अल्मोड़ा में बारिश का कहर, मकान पर गिरा पहाड़ी से मलबा; तीन लोगों की मौत
आज का राशिफल (01 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!