उत्तराखंड में IAS–PCS अधिकारियों का बड़ा फेरबदल: कई प्रमुख सचिव और जिलों के अफसर बदले गए

ख़बर शेयर करें 👉

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, गतिशील और परिणामोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से IAS और PCS संवर्ग में बड़े स्तर पर फेरबदल किया है। इस प्रशासनिक बदलाव को शासन की कार्यशैली में तेजी लाने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

शासनादेश के अनुसार वर्ष 2001 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी आर. मीनाक्षी सुन्दरम से प्रमुख सचिव ऊर्जा, नियोजन सहित अन्य अतिरिक्त प्रभार हटाते हुए उन्हें प्रमुख सचिव आवास, आयुक्त आवास एवं मुख्य प्रशासक उत्तराखंड आवास एवं नगर विकास प्राधिकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं IAS अधिकारी शैलेश बगौली को सचिव मुख्यमंत्री, गृह, कारागार, सूचना सहित अन्य विभागों के दायित्वों से मुक्त करते हुए उन्हें सचिव पेयजल नियुक्त किया गया है। इसके अलावा सचिन कुर्वे को नागरिक उड्डयन विभाग से हटाकर सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा तथा आयुक्त स्वास्थ्य बनाया गया है।
शासन ने सहकारिता, आयुष, खाद्य, नियोजन, सैनिक कल्याण, राज्य संपत्ति, आपदा प्रबंधन और सचिवालय प्रशासन जैसे अहम विभागों में भी वरिष्ठ अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव किया है।

इसके साथ ही राज्य सिविल सेवा (PCS) अधिकारियों के भी तबादले किए गए हैं। अरविन्द कुमार पाण्डे को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) नैनीताल नियुक्त किया गया है। दिनेश प्रताप सिंह को अधिशासी निदेशक, चीनी मिल डोईवाला की जिम्मेदारी दी गई है। अनिल कुमार शुक्ला को डिप्टी कलेक्टर हरिद्वार बनाया गया है, जबकि दयानन्द को उप मेलाधिकारी, कुम्भ मेला हरिद्वार नियुक्त किया गया है।

अन्य PCS अधिकारियों में आकाश जोशी को डिप्टी कलेक्टर पौड़ी, राहुल शाह को डिप्टी कलेक्टर उधमसिंहनगर, संदीप कुमार को डिप्टी कलेक्टर पौड़ी, मंजीत सिंह गिल को उप मेलाधिकारी कुम्भ मेला हरिद्वार तथा ललित मोहन तिवारी को डिप्टी कलेक्टर पिथौरागढ़ बनाया गया है।

शासन ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे तत्काल अपने वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें और इसकी सूचना कार्मिक एवं सतर्कता अनुभाग को उपलब्ध कराएं।

यह भी पढ़ें 👉  “धार्मिक स्थलों को तो बख्श दो” — लिव-इन मामले पर सख्त हुआ उत्तराखंड हाई कोर्ट, पुजारी पर तीखी टिप्पणी