ऊधमसिंह नगर: शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पड़ी भारी, SSP ने कोतवाल और चौकी प्रभारी को किया लाइन हाजिर
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले में पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जन-केंद्रित बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने सख्त कार्रवाई की है। पीड़ितों की शिकायतों के निस्तारण में देरी और अपने दायित्वों के निर्वहन में कथित लापरवाही पाए जाने पर कोतवाली आईटीआई के प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ और पैगा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया गया है।
जिले में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है। इसी दौरान कोतवाली आईटीआई में पंजीकृत विवेचनाओं के पर्यवेक्षण और जन शिकायतों के निस्तारण में कमियां सामने आने की बात कही गई।
विवेचनाओं के पर्यवेक्षण में लापरवाही का आरोप
पुलिस के अनुसार, कोतवाली आईटीआई प्रभारी निरीक्षक विक्रम राठौड़ द्वारा थाने में पंजीकृत विवेचनाओं के पर्यवेक्षण में अपेक्षित गंभीरता नहीं बरती जा रही थी। इसके अलावा पीड़ितों की शिकायतों की सुनवाई और उनके निस्तारण में भी अनावश्यक देरी की जा रही थी।
उच्चाधिकारियों द्वारा निर्देश दिए जाने के बावजूद कार्यप्रणाली में अपेक्षित सुधार नहीं होने और दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता पाए जाने पर एसएसपी ने विक्रम राठौड़ को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने के आदेश जारी किए।
पैगा चौकी प्रभारी पर भी गिरी गाज
इसी क्रम में पैगा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जसविंदर सिंह के कार्यों की भी समीक्षा की गई। उन पर पीड़ितों की शिकायतों की सुनवाई और निस्तारण में देरी तथा अपने दायित्वों के प्रति उदासीनता बरतने की बात सामने आई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने जसविंदर सिंह को भी तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया।
SSP की दो टूक—लापरवाही बर्दाश्त नहीं
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि जिले में पुलिस कार्यों में लापरवाही, पीड़ितों की शिकायतों के प्रति असंवेदनशीलता और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों की समीक्षा आगे भी जारी रहेगी और दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


लालकुआं: स्वतंत्रता दिवस पर नगर को मिली बड़ी सौगात, सांसद अजय भट्ट ने दो भव्य स्वागत द्वार और तिरंगा एलईडी लाइट का किया लोकार्पण
हल्द्वानी: ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, निदेशक प्रो. एम.सी. लोहनी ने फहराया तिरंगा
एसकेएम कॉन्वेंट स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस
नैनीताल दुग्ध संघ में हर्षोल्लास और देशभक्ति के साथ मना स्वतंत्रता दिवस, 705 दुग्ध समितियों में भी लहराया तिरंगा