उत्तराखंड: पत्नी से अवैध संबंध के शक में युवक ने दोस्त की हथौड़े से हत्या की, आरोपी गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें 👉

हरिद्वार। जिले के सिडकुल थाना क्षेत्र के रावली महदूद गांव में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात हुई। यहां एक युवक ने अपने ही दोस्त की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या की वजह पत्नी से अवैध संबंध का शक बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने साफ कहा कि उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है।

पुलिस के अनुसार, बिजनौर जिले के स्योहारा थाना क्षेत्र के नौगांव निवासी ललित और धर्मेंद्र दोस्त थे और सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करते थे। करीब तीन साल से दोनों साथ रह रहे थे। बीस दिन पहले ही दोनों चौहान मार्केट का कमरा छोड़कर रावली महदूद गांव में मकान मालिक सुखबीर सिंह का मकान किराये पर रहने लगे थे।

शुक्रवार रात मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दी कि उसके घर में हत्या हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच में खुलासा हुआ कि धर्मेंद्र को लंबे समय से शक था कि उसकी पत्नी और दोस्त ललित के बीच अवैध संबंध हैं। चार दिन पहले धर्मेंद्र की पत्नी अपने गांव गई थी और ललित भी उसके साथ चला गया था। इसी बात ने धर्मेंद्र के शक को और गहरा कर दिया।

इसी शक के चलते धर्मेंद्र ने योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया। उसने सोते समय पहले ललित के सिर पर हथौड़े से हमला किया और फिर दुपट्टे से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा और आरोपी के खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। आरोपी धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उप निरीक्षक मीनाक्षी बिष्ट, हेड कांस्टेबल मुजफ्फर बेग और कांस्टेबल सुंदर सिंह की टीम कर रही है।