उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा 2026 का शेड्यूल जारी: जानिए किस तारीख से शुरू होंगी हाईस्कूल–इंटर की परीक्षाएं
रामनगर। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी से शुरू होकर 20 मार्च 2026 तक चलेंगी। परीक्षाएं प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से अपराह्न 1 बजे तक आयोजित की जाएंगी।
उत्तराखंड बोर्ड के सचिव विनोद कुमार सिमल्टी ने मंगलवार को परीक्षा कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि इस बार परीक्षा की शुरुआत इंटरमीडिएट में ड्राइंग एंड पेंटिंग और हाईस्कूल में हिंदुस्तानी संगीत विषय से होगी। इंटरमीडिएट में 23 फरवरी और हाईस्कूल में 24 फरवरी को हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी।
बोर्ड परीक्षा के लिए राज्यभर में 1261 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 156 संवेदनशील और 6 अतिसंवेदनशील केंद्र शामिल हैं। परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा को लेकर बोर्ड द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 2,16,121 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें हाईस्कूल के 1,12,679 और इंटरमीडिएट के 1,03,442 छात्र शामिल हैं। हाईस्कूल में 1,10,573 संस्थागत और 2,106 व्यक्तिगत, जबकि इंटरमीडिएट में 99,345 संस्थागत और 4,097 व्यक्तिगत परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
प्रयोगात्मक परीक्षाएं 16 जनवरी से शुरू होकर 15 फरवरी 2026 तक चलेंगी। इंटरमीडिएट की परीक्षा का समापन 20 मार्च को संस्कृत, उर्दू और पंजाबी विषय के साथ होगा, जबकि हाईस्कूल की परीक्षा हिंदुस्तानी संगीत और व्यावसायिक ट्रेड विषयों के साथ संपन्न होगी।
इस बार बोर्ड परीक्षाएं पिछले वर्ष की तुलना में देर से समाप्त होंगी। वर्ष 2025 में बोर्ड परीक्षा 21 फरवरी से 11 मार्च तक आयोजित की गई थी। साथ ही इस साल परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थियों की संख्या में 7030 की कमी दर्ज की गई है, जिसमें हाईस्कूल के 946 और इंटरमीडिएट के 6084 छात्र कम हुए हैं।
बोर्ड के अनुसार परीक्षा परिणाम अप्रैल 2026 में घोषित किए जा सकते हैं।
परीक्षा कार्यक्रम जारी होते ही छात्रों और अभिभावकों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (02 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
गौला नदी का रौद्र रूप, बिंदुखत्ता में तेज भू-कटाव से मचा हड़कंप; कई एकड़ जमीन नदी में समाई
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर, पदयात्रा में आज भी उमड़ा जनसैलाब; हजारों लोग हुए शामिल