किराया विवाद में शर्मनाक हरकत! टैक्सी चालक को जूतों की माला पहनाकर किया अपमानित

ख़बर शेयर करें 👉

उत्तराखंड। लोहाघाट से यात्रियों को कम किराए पर दिल्ली ले जाने वाले एक टैक्सी चालक के साथ अन्य चालकों द्वारा अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि चालक को जूतों की माला पहनाकर अपमानित किया गया और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।

पीड़ित चालक प्रेमराम पुत्र नैनराम, निवासी डुंगराबोरा (गुमदेश क्षेत्र), ने शुक्रवार देर शाम लोहाघाट थाने में तहरीर देकर बताया कि 10 जून को वह यात्रियों को लेकर लोहाघाट से दिल्ली जा रहे थे। देवराड़ी बैंड के पास कुछ स्थानीय टैक्सी चालकों ने उनका वाहन रोक लिया। कम किराए पर सवारी ले जाने को लेकर आरोपितों ने उनके साथ गाली-गलौच की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया।

तहरीर के अनुसार, आरोपितों ने प्रेमराम के साथ मारपीट की, उन्हें जूतों की माला पहनाकर सार्वजनिक रूप से अपमानित किया तथा जान से मारने की धमकी दी। साथ ही उनसे 50 हजार रुपये की मांग भी की गई।

घटना का वीडियो और जानकारी सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने चार आरोपित टैक्सी चालकों के खिलाफ SC/ST (अत्याचार निवारण) अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।