उत्तराखंड में तेंदुओं का आतंक बरकरार: अब अल्मोड़ा में महिला पर हमला, साहस दिखाकर बचाई जान,…गांव में दहशत
अल्मोड़ा। उत्तराखंड में वन्यजीव हमलों की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला अल्मोड़ा जिले के ताकुला ब्लॉक से सामने आया है, जहां ग्राम भैसोड़ी में शुक्रवार दोपहर तेंदुओं के हमले से पूरे गांव में दहशत फैल गई। दो तेंदुओं ने अचानक दो ग्रामीणों पर हमला कर दिया, जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम भैसोड़ी निवासी प्रेमा पाण्डेय (पत्नी मनीष पाण्डेय) शुक्रवार करीब 2:40 बजे अपने पड़ोसी अजय कुमार के साथ घर के आंगन के पास सूखी लकड़ी लेने गई थीं। इसी दौरान जंगल की ओर से आए दो तेंदुओं ने अचानक उन पर झपट्टा मार दिया। अजय कुमार को बचाने के प्रयास में प्रेमा पाण्डेय तेंदुओं के सामने आ गईं, जिस पर तेंदुओं ने उन पर हमला कर दिया।
हमले में महिला के हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में पंजों और दांतों से गंभीर चोटें आई हैं। हालांकि, साहस का परिचय देते हुए प्रेमा पाण्डेय ने हाथ में मौजूद दरांती से तेंदुओं का मुकाबला किया, जिससे दोनों ग्रामीणों की जान बच सकी। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और शोर मचाया, जिसके बाद दोनों तेंदुए जंगल की ओर भाग निकले।
घायल महिला को तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ताकुला ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत अब खतरे से बाहर है।
घटना के बाद से गांव में भय का माहौल बना हुआ है। गांव के पास ही प्राथमिक विद्यालय होने के कारण अभिभावक बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और कई लोगों ने एहतियातन बच्चों को स्कूल न भेजने का फैसला किया है।
ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग को दे दी है और क्षेत्र में बढ़ती तेंदुओं की सक्रियता पर गहरी चिंता जताई है। ग्रामीणों की मांग है कि इलाके में पिंजरा लगाया जाए, नियमित गश्त बढ़ाई जाए और ठोस सुरक्षा इंतजाम किए जाएं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में लगातार हो रही तेंदुओं की गतिविधियों ने प्रशासन और वन विभाग के सामने गंभीर चुनौती खड़ी कर दी है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (19 अक्टूबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
लालकुआं: रिश्तेदारी में गई थीं मकान मालकिन, पीछे से घर में लाखों की चोरी; कुंडा तोड़कर जेवर-नकदी ले उड़े चोर
आज का राशिफल (18 अक्टूबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
SKM कॉन्वेंट स्कूल में नवरात्रि की धूम, राम-सीता और हनुमान के स्वरूप में सजे बच्चे; कन्या पूजन कर दिया संस्कृति और नारी शक्ति का संदेश