उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा: गहरी खाई में गिरी बोलेरो, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी जनपद में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। देवप्रयाग–पौड़ी मार्ग पर कुंडधार (डंपिंग जोन) के पास एक बोलेरो वाहन करीब 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरा, जिससे एक ही परिवार के छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 14 वर्षीय एक किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन UK08 BL 0387 में कुल सात लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही थाना देवप्रयाग पुलिस, एसडीआरएफ, राजस्व विभाग और परिवहन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने खाई से छह लोगों के शव बरामद किए, जबकि गंभीर रूप से घायल अरहाम (14 वर्ष) पुत्र अफजल निवासी रायपुर जीतपुर, लक्सर (हरिद्वार) को सुरक्षित निकालकर बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा गया।
हादसे में मृतकों की पहचान अफजल (49), उनकी पत्नी शब्बो (40), बेटी अन्नाविया (3), बेटे अमन (16), अरमान (21) तथा गुफरान (34) के रूप में हुई है। सभी मृतक रायपुर जीतपुर, लक्सर (जनपद हरिद्वार) के निवासी थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अफजल पौड़ी में ठेकेदारी का कार्य करते थे और शुक्रवार को अपने परिवार के साथ घूमने के लिए पौड़ी जा रहे थे। इसी दौरान कुंडधार के पास उनकी बोलेरो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व एसडीआरएफ निरीक्षक मंजरी नेगी ने किया। मौके पर क्षेत्राधिकारी पौड़ी तपेश कुमार, प्रभारी निरीक्षक जयपाल नेगी, थानाध्यक्ष देवप्रयाग अमरजीत सिंह रावत सहित पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य विभागों की टीमें मौजूद रहीं।
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


गोला नदी में नहाने गया 13 वर्षीय किशोर डूबा, भाई के सामने चली गई जान
आज का राशिफल (07 अगस्त 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!