उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा! खाई में गिरते ही कार में लगी आग; दो की मौत, महिला और दो बच्चे गंभीर
उत्तराखंड के चम्पावत जिले में शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा लोहाघाट-चौरसानी मोटर मार्ग पर बंतोली गांव के पास हुआ, जहां एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के बाद वाहन में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 12:30 बजे पिथौरागढ़ की ओर जा रही कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और गहरी खाई में समा गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ और स्थानीय युवाओं ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया।
रेस्क्यू के दौरान स्थानीय युवाओं ने अपनी जान जोखिम में डालकर खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल चम्पावत भेजा गया।
हादसे में वाहन चालक राजेंद्र कुमार (48) निवासी डीडीहाट और वाहन स्वामी बलदेव कुमार (36) निवासी कनालीछीना की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वाहन में आग लगने से बलदेव कुमार गंभीर रूप से झुलस गए थे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं हादसे में नीतू देवी (35), उनकी पुत्री अद्विता (8) और पुत्र आरव (5) गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे हादसे के दौरान वाहन से बाहर छिटक गए, जिससे उनकी जान बच गई। तीनों घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
उपजिलाधिकारी नीतू डांगर ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंच गई थी और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू अभियान में शामिल युवाओं, पुलिस और बचाव दल की सराहना की है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


हल्द्वानी: डीएम ने की बड़ी कार्रवाई, राजस्व उपनिरीक्षक निलंबित, राजस्व निरीक्षक पर विभागीय जांच के आदेश
हल्द्वानी: तहसील में डीएम का औचक निरीक्षण, एक साल से लंबित सीमांकन मामलों पर जताई नाराजगी