उत्तराखंड में दर्दनाक हादसा: पर्यटकों की बोलेरो पर गिरा विशाल बोल्डर, चालक समेत 2 की मौत, 4 घायल
आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन कर लौट रहे राजस्थान के श्रद्धालु परिवार की गाड़ी पर पंपाबे के पास पहाड़ी से गिरा विशाल पत्थर, प्रशासन ने डेंजर जोन में सायरन लगाने के दिए निर्देश।
पिथौरागढ़। उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा धारचूला तहसील मुख्यालय से करीब 42 किलोमीटर दूर पंपाबे क्षेत्र में हुआ, जहां पहाड़ी से अचानक एक विशाल बोल्डर पर्यटकों की बोलेरो गाड़ी पर आ गिरा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार राजस्थान के कोटा जिले के रामगंज मंडी से एक ही परिवार के नौ सदस्य उत्तराखंड भ्रमण पर आए थे। परिवार ने आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन किए थे तथा दारमा घाटी स्थित पंचाचूली बेस कैंप घूमकर वापस लौट रहा था। शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे पंपाबे के पास अचानक पहाड़ी से एक विशाल चट्टान चलती बोलेरो के अगले हिस्से पर गिर गई।
हादसा इतना भीषण था कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में वाहन चालक सुरेन्द्र गर्ब्याल (50 वर्ष), निवासी गर्ब्यांग, धारचूला तथा केशव खंडेलवाल (15 वर्ष), निवासी रामगंज मंडी, कोटा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ऋषभ खंडेलवाल (30 वर्ष), राघव खंडेलवाल (17 वर्ष), रुणि खंडेलवाल (26 वर्ष) और आयुष खंडेलवाल (24 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल उप जिला चिकित्सालय धारचूला भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रियों की सुरक्षा के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी ने सभी चिन्हित भूस्खलन और डेंजर जोन क्षेत्रों में सायरन लगाने, चेतावनी बोर्ड स्थापित करने तथा जोखिम वाले मार्गों को स्पष्ट रूप से चिन्हित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि पर्वतीय मार्गों पर यात्रा करते समय सावधानी बरतें, मौसम और प्रशासनिक चेतावनियों का पालन करें तथा डेंजर जोन में विशेष सतर्कता रखें, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।


हल्द्वानी: यहां स्पा सेंटर में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 6 युवतियां रेस्क्यू, 4 गिरफ्तार
आज का राशिफल (12 जून 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!