UKSSSC पेपर लीक मामला: मास्टरमाइंड का 16 परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा उजागर, CBI करेगी सप्लीमेंटरी चार्जशीट दाखिल
देहरादून। सरकारी नौकरी पाने की चाह में पेपर लीक प्रकरण के मास्टरमाइंड खालिद ने फर्जीवाड़े की सारी हदें पार कर दीं। सीबीआई जांच में खुलासा हुआ है कि खालिद ने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) और उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) की कुल 16 परीक्षाओं में गलत जानकारी देकर आवेदन किया था। इन परीक्षाओं के लिए जारी विज्ञापनों में मांगी गई अर्हताएं खालिद के पास नहीं थीं, इसके बावजूद उसने हर परीक्षा में आवेदन किया।
जांच में यह भी सामने आया है कि खालिद इन परीक्षाओं में से किसी को भी पास नहीं कर सका। सीबीआई का मानना है कि यदि वह किसी परीक्षा में सफल हो जाता, तो आगे फर्जी दस्तावेज तैयार कर सरकारी नौकरी हासिल करने की कोशिश करता। इस मामले में पहले ही 31 दिसंबर 2025 को यूकेएसएसएससी की ओर से रायपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। अब नए खुलासों के बाद खालिद के खिलाफ एक और मुकदमा दर्ज होने की संभावना है। सीबीआई इस पूरे मामले में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है।
यूकेएसएसएससी की ओर से 21 सितंबर 2025 को आयोजित स्नातक स्तरीय प्रतियोगी परीक्षा के दौरान पेपर लीक का मामला सामने आया था। जांच में पता चला कि हरिद्वार के बहादुरपुर जट स्थित आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज से परीक्षा के तीन प्रश्नपत्रों की तस्वीरें बाहर की गई थीं, जो बाद में इंटरनेट पर वायरल हो गईं। इस मामले में एसआईटी को असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन के पास प्रश्नपत्रों के फोटो भेजे जाने की जानकारी मिली थी।
22 सितंबर को रायपुर थाने में असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन, अभ्यर्थी खालिद, उसकी बहन साबिया और हिना के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। फिलहाल सुमन, खालिद और साबिया जेल में हैं। इस प्रकरण में 22 दिसंबर को चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है, जबकि अब नए फर्जीवाड़े के खुलासे से मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


आज का राशिफल (02 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
गौला नदी का रौद्र रूप, बिंदुखत्ता में तेज भू-कटाव से मचा हड़कंप; कई एकड़ जमीन नदी में समाई
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर, पदयात्रा में आज भी उमड़ा जनसैलाब; हजारों लोग हुए शामिल