उत्तराखंड: मां की हत्या कर जंगल में छिपा था आरोपी बेटा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें 👉

नई टिहरी। थाना नई टिहरी क्षेत्र के ग्राम कोटी खास, जाखणीधार में मां की हत्या कर फरार हुए आरोपी बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हत्या के बाद आरोपी घने जंगल में लगातार अपना ठिकाना बदलकर छिप रहा था। एसएसपी श्वेता चौबे के निर्देशन में गठित चार विशेष पुलिस टीमों ने सघन कॉम्बिंग अभियान चलाकर आरोपी को जंगल से दबोच लिया।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम कोटी खास, जाखणीधार निवासी बुग्गा देवी पत्नी स्वर्गीय गुलाब सिंह की उनके पुत्र अजय सजवाण ने हत्या कर दी थी। मामले में मृतका के भतीजे कृष्णा सजवाण की तहरीर पर थाना नई टिहरी में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्वेता चौबे ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और जंगलों में लगातार सघन तलाशी अभियान चलाया।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए जाखणीधार क्षेत्र के घने जंगलों में छिपा है और लगातार अपना ठिकाना बदल रहा है। पुलिस टीमों ने पहाड़ी क्षेत्र की कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद जंगल में कॉम्बिंग अभियान जारी रखा।

लगातार निगरानी और सघन तलाशी के बाद 26 अगस्त की शाम करीब पांच बजे पुलिस टीम ने आरोपी अजय सजवाण को जाखणीधार के नजदीक जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ पुलिस की ओर से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा था। घने जंगल और कठिन पहाड़ी इलाकों में पुलिस टीमों की लगातार मेहनत के बाद आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आया।

आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में निरीक्षक ऐश्वर्या पाल, एसएसआई पवन डिमरी, उपनिरीक्षक शांति प्रसाद चमोली, हेड कांस्टेबल सुनील, हेड कांस्टेबल मुकेश, हेड कांस्टेबल अरविंद सेमवाल, कांस्टेबल अभिनव गुसाईं, कांस्टेबल कुलदीप और होमगार्ड शेर सिंह शामिल रहे।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  रुद्रपुर में मुख्यमंत्री धामी ने विद्यार्थियों से किया संवाद, ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ पर जानी युवाओं की सोच
Ad Ad Ad Ad