उत्तराखंड: यहां बोलेरो पिकअप खाई में गिरी, तीन महिलाओं की मौत, पांच घायल
देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र के बैराटखाई–गागंरोऊ मोटर मार्ग पर वायाधार के पास सवारियों से भरा एक बोलेरो पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार बोलेरो पिकअप वाहन गागंरोऊ गांव से विकासनगर की ओर जा रहा था। वाहन में चालक सहित करीब आठ लोग सवार थे। वायाधार के पास अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया, जिससे पिकअप सीधे खाई में जा गिरी। हादसे में लूसो देवी (65) पत्नी नंदूदास, निवासी गागंरोऊ की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए विकासनगर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल ले जाते समय गीता देवी (35) पत्नी प्रकाश खन्ना, निवासी खुसियो ने दम तोड़ दिया। वहीं, हायर सेंटर रेफर के दौरान धनो देवी पत्नी संतू दास, निवासी चिट्टाड की भी मौत हो गई।
कालसी के नायब तहसीलदार रविंद्र असवाल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक महिलाएं कालसी क्षेत्र की रहने वाली थीं। हादसे में घायल अन्य लोगों का विकासनगर अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर, पदयात्रा में आज भी उमड़ा जनसैलाब; हजारों लोग हुए शामिल
अल्मोड़ा में बारिश का कहर, मकान पर गिरा पहाड़ी से मलबा; तीन लोगों की मौत
आज का राशिफल (01 सितंबर 2026): जानिए; क्या कहते हैं आज आपके भाग्य के सितारे…!
बिंदुखत्ता में राजस्व ग्राम की मांग ने पकड़ा जोर; 17वें दिन पदयात्रा में उमड़ी भारी भीड़