उत्तराखंड: यमकेश्वर पहुंचे सीएम योगी,…धामी संग शिव मंदिर में की पूजा, इंटर कॉलेज के नवनिर्मित भवन का किया लोकार्पण

ख़बर शेयर करें 👉

यमकेश्वर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दिनों उत्तराखंड दौरे पर हैं। इसी क्रम में उन्होंने यमकेश्वर स्थित इंटर कॉलेज के नवनिर्मित दो मंजिला भवन के उद्घाटन कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी यमकेश्वर पहुंचे। कार्यक्रम से पूर्व दोनों मुख्यमंत्रियों ने यमकेश्वर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।

पूजा-अर्चना के पश्चात दोनों नेताओं ने इंटर कॉलेज यमकेश्वर के नवनिर्मित भवन का अवलोकन किया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जानकारी ली। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भौतिक विकास जीवन का अंतिम लक्ष्य नहीं है, बल्कि यह केवल आवश्यकताओं की पूर्ति का साधन है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों की भूमिका केवल किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि छात्रों में संस्कार, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों का विकास भी शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

मुख्यमंत्री योगी ने पौराणिक गुरुकुल परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पद्धति व्यक्तित्व निर्माण की सशक्त आधारशिला रही है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति की सराहना करते हुए कहा कि इसमें व्यवहारिक, कौशल आधारित और रोजगारोन्मुख शिक्षा पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रही है और जिस तरह विद्यालय भवन की गुणवत्ता सुनिश्चित की गई है, उसी प्रकार शिक्षण की गुणवत्ता भी उच्चस्तरीय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा में नवाचार से गांवों का समग्र विकास होगा और पलायन जैसी समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संबोधन में कहा कि विद्या मनुष्य का सबसे बड़ा आभूषण है। शिक्षा केवल डिग्री या रोजगार पाने का साधन नहीं, बल्कि संस्कार, चेतना और नैतिक मूल्यों के विकास का आधार है। उन्होंने बताया कि बीते चार वर्षों में उत्तराखंड सरकार द्वारा 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी रोजगार उपलब्ध कराए गए हैं। सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था और नवाचार के माध्यम से समावेशी विकास की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इंटर कॉलेज का नवनिर्मित भवन क्षेत्र के शैक्षिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा और इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर, जागरूक और जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण ही सरकार का मुख्य लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री धामी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे आज सुरक्षा, सुशासन और विकास के क्षेत्र में पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र के लिए गौरव की बात है कि योगी आदित्यनाथ ने यमकेश्वर से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की और आज देश के प्रभावशाली नेतृत्वकर्ताओं में शामिल हैं। उनका जीवन सेवा, त्याग और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण की प्रेरक मिसाल है।

इस अवसर पर सांसद हरिद्वार त्रिवेंद्र सिंह रावत ने नवनिर्मित भवन के लोकार्पण पर शुभकामनाएं देते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर बल दिया। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने विद्यालय की वर्तमान स्थिति की जानकारी देते हुए प्रांतीयकरण की प्रक्रिया को नियमानुसार आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया। वहीं स्थानीय विधायक रेनू बिष्ट ने विद्यालय के प्रांतीयकरण और विज्ञान विषय की कक्षाएं प्रारंभ कराने की मांग रखी। कार्यक्रम के दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों ने विद्यालय के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया।