उत्तराखंड: यहां कांग्रेसी-भाजपाई आमने-सामने, विधायक बोले- “पुतला क्या जलाते हो, मुझे जलाओ”
उत्तराखंड के द्वाराहाट में बहुद्देशीय शिविर को लेकर शुरू हुआ भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक विवाद अब खुली सियासी जंग में बदलता नजर आ रहा है। बुधवार को द्वाराहाट मुख्य बाजार में उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब भाजपा द्वारा कांग्रेस विधायक मदन सिंह बिष्ट का पुतला दहन किए जाने के कार्यक्रम के बीच स्वयं विधायक अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए।
भाजपा कार्यकर्ता जैसे ही मुख्य चौक पर विधायक मदन सिंह बिष्ट का पुतला लेकर प्रदर्शन शुरू करने पहुंचे, तभी विधायक अचानक वहां पहुंच गए। मौके पर पहुंचते ही उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा, “पुतला क्या जलाते हो, मैं खुद यहां मौजूद हूं, मुझे जलाओ।” विधायक के इस बयान के बाद मौके पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ता कुछ समय के लिए हतप्रभ रह गए।
इस दौरान कांग्रेस समर्थक भी मौके पर पहुंच गए और पुतले पर लगे विधायक मदन सिंह बिष्ट के पोस्टर को फाड़ दिया। इसके बाद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नारेबाजी शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल गरमा गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई।
स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग किया। पुलिस की मौजूदगी में मामला शांत कराया गया। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुनः विधायक के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया।
इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर पुतला दहन किया था। दोनों दलों के आमने-सामने आने से द्वाराहाट का मुख्य बाजार लंबे समय तक राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बना रहा।
घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल और अधिक गर्मा गया है। दोनों दल एक-दूसरे पर जनता को गुमराह करने और राजनीतिक लाभ लेने के आरोप लगा रहे हैं। वहीं स्थानीय प्रशासन ने स्थिति पर नजर बनाए रखी है।

संपादक – उत्तराखण्ड उदय
अपने विचार अथवा अपने क्षेत्र की ख़बरों को प्रसारित कराने हेतु संपर्क करें – मोब०: +91 7500978841


हल्द्वानी: तहसील में डीएम का औचक निरीक्षण, एक साल से लंबित सीमांकन मामलों पर जताई नाराजगी
(बड़ी खबर)–बदरीनाथ चढ़ावा चोरी कांड में खुलासा! आरोपी के सरकारी कमरे से मिला मंदिर का खजाना